चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में शपथ पत्र वापस लेने के मामले में पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल के सदस्यों की पीयू अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें चारों सदस्यों ने शपथपत्र वापस लेने की बात रखी। जिसके बाद दोनों में एक शर्त पर सहमति बनी कि छात्र अर्चिग गर्ग हाईकोर्ट में लगाई शपथपत्र संबंधी याचिका वापस लेंगे।
काउंसिल के सदस्य अश्मीत सिंह और मोहित मंदेरणा ने धरने पर आकर कहा कि यूनिवर्सिटी ने शपथपत्र का प्रावधान वापस ले लिया है। लेकिन यूनिवर्सिटी ने एक शर्त रखी है कि अर्चिग गर्ग की ओर से हाईकोई में लगाई गई याचिका को वापस लेना होगा। इससे सभी विद्यार्थी खुश हुए कि उनकी मांग को मान लिया गया है।
हालांकि उन्होंने कहा कि जब तक यूनिवर्सिटी लिखित में नहीं देती, वह विश्वास नहीं करेंगे। यदि यूनिवर्सिटी शपथपत्र वापस ही ले लेगी तो उनकी याचिका खुद शून्य हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जब तक यूनिवर्सिटी लिखकर नहीं देगी वह याचिका वापस नहीं लेगें। पीयू अधिकारियों ने कहा कि अभी शपथपत्र वापस लेने को लेकर बातचीत चल रही है। अभी आगे भी चर्चा चल रही है। उम्मीद है कि जल्द ही इसका समाधान निकलेगा। विद्यार्थियों का धरना तब तक जारी रहेगा।