ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन ने 28 दिसंबर को पानीपत की रोड धर्मशाला में राज्य कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। बैठक की अध्यक्षता राज्य प्रधान हरिनारायण शर्मा करेंगे।
बैठक में केंद्रीय कमेटी के सदस्यों के अलावा प्रदेश भर के डिपो और सब डिपो के प्रधान, सचिव और कोषाध्यक्ष भाग लेंगे।
यूनियन के प्रांतीय वरिष्ठ उप प्रधान दिलबाग गिल, महासचिव रमेश सैनी और उप प्रधान बलवान सिंह ने यहां जारी प्रेस बयान में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बैठक में ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर ज्वाइंट एक्शन कमेटी व हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी के आह्वान पर किए गए आंदोलनों, सरकार और उच्च अधिकारियों के साथ हुई बातचीत व मानी गई मांगों को लागू करने की समीक्षा, यूनियन का सदस्यता अभियान चलाने, यूनियन के संविधान में संशोधन आदि मुख्य एजेंडों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा बैठक में आगामी आंदोलन की रणनीति भी तय की जाएगी।