मनीमाजरा। मोटर मार्केट मनीमाजरा में पिछले 30-35 सालों से पेटियां लगाकर बैठे मैकेनिक पिछले 18 दिन से अपना काम नहीं कर पा रहे हैं। बीते 18 दिन पहले नगर निगम ने करीब 150 मैकेनिकों की पेटियों को उठाकर जब्त कर लिया था। निगम ने यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर की थी। इसके बाद से लगातार मैकेनिक निगम अधिकारियों और राजनेताओं के पास जाकर गुहार लगा रहे हैं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसके चलते अब सैकड़ों मैकेनिकों के परिवार की चिंता बढ़ गई है। वहीं अब नगर निगम ने मैकेनिकों को वेंडरों की श्रेणी में शामिल करना शुरू कर दिया था। वेलफेयर एसोसिएशन मनीमाजरा मोटर मार्केट के प्रधान बाबा बघेल सिंह, अन्य पदाधिकारी रणजीत सिंह, वरेंद्र बिंदा, बॉबी का कहना कि वह वेंडर नहीं है। मैकेनिक वेलफेयर एसोसिएशन ने नगर निगम कमिश्नर और मेयर को अनुरोध किया है कि मोटर मार्केट में काम करने वाले मैकेनिकों का दोबारा सर्वे करवाना चाहिए।