मोहाली। फेज-7 स्थित मोटर मार्केट में ग्राहक की मोटरसाइकिल चला कर चेक कर रहे मैकेनिक को तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। इस टक्कर से मैकेनिक घायल हो गया है। वहीं कार चालक मौके से फरार हो गया। साथी कर्मियों ने घायल के भाई को फोन कर मौके पर बुला लिया, जिसने उसे फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। घायल गुरदीप कुमार वासी फेज-7 ने बताया कि वह मैकेनिक का काम करता है। वीरवार दोपहर करीब एक बजे जब वह दुकान पर आया तो एक ग्राहक अपनी मोटरसाइकिल ठीक करवाने के लिए आया था। जब एक घंटे के बाद उसे मोटरसाइकिल देनी थी तो उससे पहले वह मोटरसाइकिल चेक करने के लिए सड़क पर चलाने ले गया। तभी पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह वहीं सड़क पर गिर गया, जिसके सिर से और हाथ-पैर में भी चोट लग गई। यह देख कर कार चालक फरार हो गया। इसके बाद साथी कर्मियों ने उसके बड़े भाई को पूरी घटना की सूचना देकर मौके पर बुला लिया। उसने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां जांच में पता लगा है कि गुरदीप के बाएं हाथ में फ्रैक्चर आया है।