चंडीगढ़। एमसीएम डीएवी कॉलेज-36 ने बीए अंतिम वर्ष की छात्रा और क्रिकेटर हरलीन देओल की आगे पढ़ाई मुफ्त में प्रदान करने की घोषणा की है। शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 मैच में ऐतिहासिक कैच लपकने की उनकी हर जगह प्रशंसा हो रही है।
कॉलेज प्राचार्या डॉ. निशा भार्गव ने रविवार को बताया कि संस्थान हरलीन की उपलब्धि पर बेहद गर्वित है। संस्थान हरलीन और उनके परिवार को सम्मानित करने के साथ नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र और आगे की शिक्षा मुफ्त प्रदान करेगा।
उन्होंने बताया कि हरलीन को 2018 में कॉलेज के स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान पुडुचेरी की तत्कालीन उपराज्यपाल डॉ. किरण बेदी की ओर से भी सम्मानित किया गया था। नॉर्थम्प्टन में भारत और इंग्लैंड के बीच महिला टी-20 क्रिकेट मैच के दौरान ऐतिहासिक कैच पकड़ने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सचिन तेंदुलकर और वीवीएस लक्ष्मण जैसे भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों से प्रशंसा प्राप्त करना हरलीन के साथ कॉलेज के लिए भी गर्व की बात है। हरलीन देयोल सहित भारतीय क्रिकेट टीम में कॉलेज की तीन छात्राएं हैं। इनमें तानिया भाटिया और रिद्धिमा शामिल हैं। समस्त डीएवी समुदाय ने हरलीन को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।