चंडीगढ़। चंडीगढ़ नगर निगम में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। इसकी नियमावली जारी कर दी गई है। डीसी-कम-निर्धारित प्राधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार मेयर चुनाव 29 जनवरी को सेक्टर-17 स्थित असेंबली हॉल में सुबह 11 बजे शुरू होगा। मेयर के निर्वाचन के तुरंत बाद सीनियर डिप्टी मेयर और फिर डिप्टी मेयर का चुनाव कराया जाएगा।
चुनाव की पूरी प्रक्रिया पंजाब नगर निगम अधिनियम-1976 और चंडीगढ़ नगर निगम प्रक्रिया एवं कार्य संचालन नियम-1996 के तहत कराई जाएगी। नियमों के मुताबिक सबसे पहले सभी पार्षद सुबह 11 बजे अपनी-अपनी निर्धारित सीटों पर बैठेंगे। इसके बाद नगर निगम सचिव की ओर से नामित पार्षद डॉ. रमणीक सिंह बेदी पीठासीन अधिकारी का कार्यभार संभालेंगे। राष्ट्रगान के पश्चात मेयर चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया शुरू होगी।
आवश्यकता पड़ने पर होगा मतदान
यदि मेयर पद के लिए एक से अधिक उम्मीदवार होते हैं तो मतदान कराया जाएगा। पीठासीन अधिकारी एक-एक कर प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मंगवाएंगे। मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा और नवनिर्वाचित मेयर से कुर्सी संभालने का आग्रह किया जाएगा।
मेयर कराएंगे सीनियर डिप्टी और डिप्टी मेयर का चुनाव
मेयर के निर्वाचन के बाद सीनियर डिप्टी मेयर और फिर डिप्टी मेयर का चुनाव कराया जाएगा। इन दोनों पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया मेयर की अध्यक्षता में संपन्न होगी। मतदान की आवश्यकता होने पर मेयर स्वयं वोट मंगवाएंगे, मतगणना कर परिणाम घोषित करेंगे। सभी चुनाव परिणामों की हस्ताक्षरित शीट को सील कर सुरक्षित रखा जाएगा।
22 जनवरी को होंगे नामांकन
नामांकन प्रक्रिया को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सामान्य श्रेणी के निर्वाचित पार्षद मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्र नगर निगम सचिव कार्यालय से निर्धारित प्रपत्र में प्राप्त किए जाएंगे। उम्मीदवार को एक प्रस्तावक और एक समर्थक के हस्ताक्षर के साथ नामांकन दाखिल करना होगा। नामांकन पत्र 22 जनवरी को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे के बीच जमा किए जाएंगे। नियमों के अनुसार पीठासीन अधिकारी किसी भी पद के लिए उम्मीदवार नहीं होगा। चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे।