फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: मेयर चुनाव में घमासान, गठबंधन दरकिनार..भाजपा, कांग्रेस-आप ने उतारे अपने-अपने उम्मीदवार

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। नगर निगम मेयर चुनाव के नामांकन के साथ चंडीगढ़ की सियासत खुलकर सामने आ गई है। भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए अपने-अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। इसी बीच आम आदमी पार्टी में बगावत ने चुनाव को और दिलचस्प बना दिया है। आप के पार्षद रामचंद्र यादव ने डिप्टी मेयर पद के लिए निर्दलीय नामांकन दाखिल कर हलचल तेज कर दी है।
विज्ञापन

भाजपा ने मेयर पद के लिए सौरभ जोशी, सीनियर डिप्टी मेयर के लिए जसमनप्रीत सिंह और डिप्टी मेयर पद के लिए आप छोड़कर भाजपा में आईं सुमन शर्मा को मैदान में उतारा है। नामांकन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा, प्रभारी अतुल गर्ग, संजय टंडन और अरुण सूद मौजूद रहे। आप ने मेयर पद पर योगेश ढींगरा, सीनियर डिप्टी मेयर पर मुनव्वर खान और डिप्टी मेयर पद पर जसविंदर कौर को प्रत्याशी बनाया। नामांकन के दौरान आप के पार्षद पंजाब पुलिस की सुरक्षा में सूटकेस लेकर निगम कार्यालय पहुंचे, जिसे लेकर खूब चर्चाएं रहीं। कांग्रेस के सदन में कुल 6 पार्षद हैं। इसमें से तीन प्रत्याशी बन गए हैं। कांग्रेस ने मेयर पद पर गुरप्रीत सिंह गाबी, सीनियर डिप्टी मेयर पद पर सचिन गालव और डिप्टी मेयर पद के लिए पार्षद निर्मला देवी को मैदान में उतारा है।
हाथ खड़े होगा मेयर चुनाव
इस बार मेयर चुनाव कई मायनों में ऐतिहासिक होगा। 29 जनवरी को होने जा रहे चुनाव में पहली बार मतदान गुप्त मतदान के बजाय हाथ खड़े कर कराया जाएगा। इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज है। भाजपा ने आप और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी किया आपके ड्रामे को जनता जान चुकी है, अब नाटक नहीं हिसाब होगा। भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव राणा ने कहा कि कागजों में अलग दिखने की कोशिश से हकीकत नहीं बदलती।
विज्ञापन

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि कांग्रेस ने सबसे पहले उम्मीदवार घोषित किए और वह किसी गठजोड़ का हिस्सा नहीं बनेगी। उनका दावा है कि कांग्रेस के पार्षद एकजुट हैं और भाजपा को रोकने के प्रयास किए गए, लेकिन पार्टी नेतृत्व इसके पक्ष में नहीं था।
आम आदमी पार्टी ने साफ कर दिया है कि वह इस बार मेयर चुनाव अकेले लड़ेगी। पार्टी के पंजाब प्रभारी जरनैल सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कांग्रेस से किसी भी तरह के गठबंधन से इन्कार कर दिया। इसके बाद कांग्रेस ने भी तीनों पदों पर अपने प्रत्याशी उतारकर दूरी और साफ कर दी।
मेयर चुनाव का गणित
सदन में 35 पार्षद और एक सांसद का वोट है। जीत के लिए 19 मत जरूरी हैं। भाजपा के पास 18, कांग्रेस के पास सांसद समेत 7 और आप के पास 11 मत हैं। रामचंद्र की बगावत ने समीकरणों को और उलझा दिया है। एक मत इधर-उधर हुआ तो सत्ता की तस्वीर बदल सकती है।

आप छोड़ भाजपा में आईं सुमन शर्मा, डिप्टी मेयर की उम्मीदवार
नगर निगम चुनाव में भाजपा ने बड़ा सियासी दांव चलते हुए आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुई पार्षद सुमन शर्मा को डिप्टी मेयर पद का उम्मीदवार बनाया है। सुमन शर्मा के भाजपा में आने से पार्टी का संख्याबल मजबूत हुआ है और विपक्षी खेमे में बेचैनी बढ़ी है। भाजपा नेतृत्व इसे रणनीतिक बढ़त मान रहा है। माना जा रहा है कि सुमन शर्मा की एंट्री ने मेयर चुनाव के समीकरण बदल दिए हैं और भाजपा को निर्णायक बढ़त दिलाने में यह कदम अहम साबित हो सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें