चंडीगढ़। मेयर हरप्रीत कौर बबला ने शनिवार को पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर अपने कार्यकाल के लिए प्रशासक द्वारा दिए गए मार्गदर्शन, सहयोग और निरंतर प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया। मेयर बबला ने कहा कि उनके कार्यकाल में चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिला। पहले जहां दोनों संस्थानों के बीच अक्सर समन्वय की कमी रहती थी, वहीं वर्तमान नेतृत्व में एक नई कार्य संस्कृति विकसित हुई जिससे जनहित के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा सका। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं है बल्कि प्रशासन और नगर निगम के बीच बने मजबूत सेतु का परिणाम है।
मेयर ने बताया कि प्रशासक के सहयोग से निगम को आर्थिक संकट से उबारने में मदद मिली। राजस्व व्यवस्था को बेहतर किया गया और विकास व स्वच्छता से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को समय पर मंजूरी और धनराशि उपलब्ध हुई। इसके अलावा प्रशासन के संसाधनों का बेहतर उपयोग कर शहर को अधिक स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में सहयोग मिला। वहीं, प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने मेयर के कार्यकाल को धैर्य, समर्पण और दृढ़ संकल्प का उदाहरण बताया। उन्होंने नगर निगम को स्थिरता प्रदान करने और नागरिकों के हितों को प्राथमिकता देने के लिए मेयर की सराहना की।