फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: समस्याएं सुनने के लिए ‘मेयर आप के द्वार’, इस साल जून तक खत्म होगा कूड़े का पहाड़

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। मेयर कुलदीप कुमार ने बुधवार को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए नगर निगम का 2325.21 करोड़ रुपये का बजट पेश किया, जिसे सदन ने पास कर दिया। बजट में स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ शिक्षा एवं सामुदायिक केंद्रों के निर्माण पर काफी फोकस किया गया है। गांवों के विकास और आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए बजट को बढ़ाया गया है। इसके अलावा शहर में मजबूत शिकायत निवारण प्रणाली के लिए ''मेयर आप के द्वार पे'' अभियान शुरू करने की भी घोषणा की गई है। साथ ही मेयर ने घोषणा की कि इस साल जून तक डड्डूमाजरा से कूड़े के पहाड़ को साफ कर दिया जाएगा।बजट बैठक में भाजपा पार्षदों के अलावा मनोनीत पार्षद शामिल नहीं हुए इसलिए आप और कांग्रेस के सभी पार्षदों ने ही बजट को लेकर कुछ सुझाव दिए और मेयर कुलदीप कुमार का धन्यवाद किया। पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी ने कहा कि निगम में 11 हजार कर्मचारी हैं लेकिन उनके कल्याण के लिए 90 लाख रुपये ही रखे गए हैं। इससे उनका कुछ नहीं होगा इसलिए इसे बढ़ाया जाना चाहिए। जसबीर सिंह लाडी ने कहा कि दो सालों में गांवों का विकास नहीं हुआ है। उस पर ध्यान देना चाहिए। लाल डोरे के बाहर लोगों को सुविधा मिले और गांवों के युवाओं को नौकरी में प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
विज्ञापन

पार्षद रामचंदर यादव ने कहा कि उनका वार्ड सबसे बड़ा है लेकिन वहां सीवरेज की काफी समस्या है। पार्षद सचिव गालव ने पीजीआई के बाहर गर्मी में भी रैन बसेरों की व्यवस्था करने की मांग की ताकि लोगों को राहत मिल सके। पार्षद तरुणा मेहता ने अपने वार्ड के सरकारी मकानों की खस्ताहाल को लेकर कहा कि उनके लिए अलग बजट रखना चाहिए। मेयर ने कहा कि इन सभी सुझावों पर विचार किया जाएगा।

प्रशासन से मिले 560 करोड़, खुद की कमाई 530 करोड़, बाकी डीएफसी के भरोसे
नगर निगम ने वर्ष 2024-25 के लिए 2325.21 करोड़ रुपये का बजट पास किया है। निगम को प्रशासन से 560 करोड़ रुपये मिलेंगे जबकि संपत्ति कर, पानी का बिल, गारबेज शुल्क, पार्किंग, पेट्रोल पंप, इलेक्ट्रिसिटी सेस व अन्य से निगम का अनुमान है कि उन्हें 530 करोड़ रुपये की कमाई होगी। इसके अलावा नगर निगम ने दिल्ली फाइनेंस कमीशन (डीएफसी) की चौथी सिफारिश के अनुसार 1651 करोड़ रुपये की ग्रांट इन एड प्रशासन से मांगी है। निगम के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि रिवाइज्ड एस्टीमेट में उन्हें यह पैसे मिल जाएंगे, जिससे कि उन्हें जितने पैसे कम पड़ रहे हैं वो पूरे हो जाएंगे।
विज्ञापन


वेंडरों का बजट 10.10 करोड़ से बढ़ाकर 17.10 करोड़ किया
मेयर आप के द्वार पे अभियान के तहत नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारी हर वार्ड में लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनका समाधान करने का हरसंभव प्रयास करेंगे। बजट में शहर में वेंडरों (छोटी दुकान चलाने वाले) के लिए 17.10 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है, जो पिछले साल 10.10 करोड़ रुपये था। ईडब्ल्यूएस कॉलोनियों के रखरखाव और समस्या निवारण के लिए इस वर्ष 6.00 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है जो पिछले साल 2 करोड़ 88 लाख रुपये था। बजट के दौरान मेयर कुलदीप कुमार ने घोषणा की कि हम चंडीगढ़ प्रशासन से बात कर ईडब्ल्यूएस कॉलोनियों को नगर निगम के अधीन लाएंगे।

स्वास्थ्य और लाइब्रेरी खोलने पर फोकस
स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत करने की जरूरत को देखते हुए पिछले साल के 10 लाख रुपये की तुलना में इस वर्ष 2.00 करोड़ रुपये के बजट की व्यवस्था की गई है। इसके तहत दिल्ली के मोहल्ला क्लिनिक की तर्ज पर शहर में चंडीगढ़ क्लीनिक खोले जाएंगे। शहर में शिक्षा के स्तर को ऊपर उठाने के लिए सभी सामुदायिक केंद्रों में पुस्तकालय स्थापित करने के लिए 1.00 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। सामुदायिक केंद्रों के बुनियादी ढांचे को अपग्रेड करने और नए सामुदायिक केंद्रों के निर्माण के लिए 7.15 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।

जून से मनीमाजरा वासियों को 24 घंटे पानी, लाल डोरे के बाहर कनेक्शन देने की घोषणा
शहर के अंदर 154 किलोमीटर लंबी टीटी वाटर पाइप लाइन बिछाने के लिए 72.00 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इसके जरिए 1900 से ज्यादा गार्डनों, पार्कों और ग्रीन बेल्ट तक टीटी पानी पहुंचाया जाएगा। इस साल चंडीगढ़ के इतिहास में पहली बार लोगों को 24 घंटे पीने का पानी मिलेगा। मनीमाजरा वासियों को इस साल जून से 24 घंटे पानी मिलेगा। इसके अलावा धनास, खुड्डा अलीशेर, खुड्डा लाहौरा, खुड्डा जस्सू, कैंबवाला, रायपुर कलां और सारंगपुर में पानी की आपूर्ति की जाएगी। बजट के दौरान मेयर कुलदीप कुमार ने इस साल लाल डोरे के बाहर के सभी घरों में पानी का कनेक्शन देने की भी घोषणा की।

आवारा कुत्तों की समस्या का समाधान करने के लिए बढ़ाया बजट
शहर में आवारा कुत्तों के कारण शहरवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिसके लिए पूरे बाय लॉज को लागू करने की घोषणा बजट में की गई है। पिछले साल इसके लिए 50 लाख रुपये का बजट रखा गया था, जिसे इस बार बढ़ाकर 2.00 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इसके तहत और अधिक एबीसी सेंटर खोले जाएंगे और आवारा कुत्तों का प्रबंधन किया जाएगा। नसबंदी कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे और टीकाकरण की भी व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही एनफोर्समेंट टीमें भी गठित की जाएंगी।

रायपुर कलां के गोशाला में बायो मिथेनेशन प्लांट के लिए 37.50 करोड़
मेयर कुलदीप कुमार ने बजट में घोषणा की है कि वह इस साल जून तक पूरे डंपिंग ग्राउंड को साफ कर देंगे। रायपुर कलां स्थित गोशाला में बायो मिथेनेशन प्लांट के निर्माण के लिए 37.50 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। शहर की सभी गोशालाओं में ईटीपी के निर्माण और संचालन के लिए 4.90 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। बजट में चंडीगढ़ के गांवों में आधुनिक शहरी सुविधाएं मुहैया कराने की घोषणा की गई है। जिसके लिए कैंबवाला, धनास, खुड्डा जस्सू, खुड्डा लाहौरा, खुड्डा अलीशेर और सारंगपुर में बुनियादी ढांचे के और विस्तार के लिए 7.40 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।

- वर्जन -
मैं नगर निगम के सभी अधिकारियों को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने हमारे साथ मिलकर इस बजट को पूरा करने के लिए दिन-रात काम किया। आने वाले समय में हम चंडीगढ़ को दुनिया का नंबर-1 शहर बनाएंगे और शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेंगे।
विज्ञापन

- कुलदीप कुमार, मेयर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें