राजपुरा। बनूड़ स्थित एक शराब फैक्ट्री में सोमवार देर शाम अचानक भीषण आग लग गई। फैक्ट्री परिसर में रखी भारी मात्रा में पराली में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और आसमान धुएं से भर गया, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जानकारी के अनुसार, आग रात करीब 7:45 बजे भड़की। सूखे चारे और तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली। फैक्ट्री प्रबंधन ने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। स्थिति गंभीर होने पर मोहाली, राजपुरा और डेराबस्सी से दमकल की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोग भी आग बुझाने में प्रशासन का सहयोग करते नजर आए। दमकलकर्मियों ने लगभग दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। फैक्ट्री प्रबंधन के अनुसार, स्टोर की गई पराली पूरी तरह जलकर राख हो गई है, जिससे आर्थिक नुकसान हुआ है। मुख्य बिल्डिंग और मशीनरी सुरक्षित रहने से बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है। प्रारंभिक अनुमान में शॉर्ट सर्किट या किसी चिंगारी से आग लगने की संभावना जताई जा रही है। संवाद