शिक्षा विभाग की नकल रोकने के दावे की पोल खुल गई है। बीजेपी राज में खुल कर बिना डरे नकल चल रही है। परीक्षा में सफल होने के लिए अलग अलग हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में नकल रुकने का नाम नहीं ले रही।
सोनीपत में ड्यूटी पर तैनात प्राइवेट स्कूल के टीचर भी मोबाइल से पेपर आउट कराने की कोशिश करते पकड़े गए। सोमवार को कथूरा गांव में बने सेंटर से तीन पर्यवेक्षकों को इसी कोशिश में पकड़ा गया। उन्हें तुरंत ड्यूटी से रिलीव किया गया है। मामले की जानकारी बोर्ड को भी दी गई है। तीनों शिक्षक एक ही प्राइवेट स्कूल के थे। बताया गया है कि उक्त कर्मियों ने सेंटर सुपरिंटेंडेंट से भी बदतमीजी की। इसके अलावा परीक्षा के दौरान कुल 27 नकलची पकड़े गए।
शिक्षा विभाग से मिली रिपोर्ट के अनुसार, कथूरा गांव में बने विद्या सहारा स्कूल भांवड़ के तीन कर्मचारी सुमित, संजय और अमन ने स्कूल में बने केंद्र में मोबाइल के माध्यम से प्रश्नपत्र लीक करने की कोशिश की थी।
ऐन मौके पर केंद्र अधीक्षक ने तीनों को पकड़ लिया। जब केंद्र अधीक्षक ने इसका विरोध किया तो उन्होंने अधीक्षक के साथ बदतमीजी भी की। इसके बारे में जिला शिक्षा अधिकारी और बोर्ड अधिकारियों को बताया गया तो तीनों को तुरंत ही ड्यूटी से रिलीव कर दिया गया। वहीं विभागीय कार्रवाई के लिये भी उच्चाधिकारियों को शिकायत भेजी गई है।