मोहाली। पीसीए स्टेडियम में हुए पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के मुकाबले को देखने के लिए जबरदस्त भीड़ उमड़ी, लेकिन स्टेडियम तक पहुंचने में उन्हें पुलिस की कई लेयर सुरक्षा से होकर गुजरना पड़ा। पुलिस ने गुरुद्वारा अंब साहिब और वन विभाग के सामने खाली मैदान में पार्किंग के प्रबंध किए थे। वहीं, हॉकी स्टेडियम में वीआईपी पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। पार्किंग से लोगों को स्टेडियम तक करीब दो किलोमीटर तक पैदल जाना पड़ा। इससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। पैदल स्टेडियम जा रहे लोगों का कहना था कि अगर पार्किंग इतनी दूर ही बनानी थी तो स्टेडियम तक जाने के लिए कम से कम ई-रिक्शा की सुविधा देनी चाहिए थी।कौमी इंसाफ मोर्चा के धरने के चलते पुलिस ने टिप्पर-ट्रक लगाकर रास्ता बंद किया था। इससे वहां से गुजरने वाले वाहनों को भी दिक्कत आई। ट्रैफिक डायवर्ट होने की वजह से उन्हें अपनी मंजिल तक जाने के लिए लंबा सफर तय करना पड़ा।
देश के रंग में रंगे नजर आए दर्शक
स्टेडियम की तरफ जाने वाले रास्ते में टीशर्ट्स, टोपी, झंडे, पानी की बोतलें, खाने की चीजें, मुंह पर लगाने के लिए रंग, भोंपू आदि चीजें मिल रही थी। इनकी कीमत 20 से लेकर 200 रुपये थी, लेकिन पुलिस की हर लेयर पर चेकिंग में पानी की बोतलें, काले कपड़े, झंडे के डंडे, भोंपू, ईयरफोन, गोगल्स का केस, बैग आदि बाहर ही रखवा लिए गए। स्टेडियम के सभी आठ गेटों पर एंट्री के लिए लोगों की भारी भीड़ थी।
ऑनलाइन टिकट खरीदने वालों को हुई परेशानी
ऑनलाइन टिकट खरीदने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्हें बिना फिजिकल टिकट के एंट्री नहीं दी गई। ऑनलाइन टिकट वालों के लिए एक अलग से एंट्री गेट बनाया गया लेकिन उन्हें जानकारी न होने के कारण भटकना पड़ा।
स्टेडियम के बाहर भी मिल रही थीं टिकटें
लोगों ने हजारों रुपये में टिकट खरीदी, लेकिन कुछ लोगों को टिकट नहीं मिल पाई तो कुछ लोग बाहर आकर अपनी टिकट लोगों को कम दामों या मुफ्त में दे रहे थे। कुछ लोगों ने टिकट सस्ते दामों में खरीदकर एंट्री ली और खेल का आनंद उठाया।