हाइवे में वाहन टकराने से क्षतिग्रस्त।
- फोटो : अमर उजाला
राजपुरा-अंबाला रोड राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित नगर परिषद के कूड़े के डंप में सोमवार सुबह आग लग गई। इससे करीब एक किमी इलाके में धुआं छा गया। धुएं के चलते हुए करीब एक दर्जन वाहन टकराकर क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं घायल हुए लोगों को सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घर जाने दिया गया।
राजपुरा-अंबाला रोड पर स्थित डंप में सारे शहर का कूड़ा फेंका किया जाता है। कूड़े की ज्यादा ऊंचाई हो जाने पर आग लगा दी जाती है। सोमवार की सुबह कूड़े में आग लग जाने से फैले धुएं के चलते कैंटर व ट्रक की टक्कर होने से एक के बाद एक गाड़ी हादसे का शिकार होती गई। जब तक पुलिस वहां पहुंचती, तब तक एक दर्जन वाहन आपस में टकराकर क्षतिग्रस्त हो गए। कार में जा रही नई दुल्हन व उसके पति की भी कार के क्षतिग्रस्त हो गई।
अमृतसर निवासी सविंद्र सिंह ने कहा कि वह अपनी इनोवा कार में सवारियां बैठाकर करनाल जा रहा था। मिडवे ढाबे के नजदीक धुएं के गुबार से वह नियंत्रण खो बैठा और पहले से ही हादसाग्रस्त गाड़ियों से जा टकराया। कार में बैठी सवारियों को मामूली चोटें आई हैं। वाहन चालक गुरप्रीत सिंह (अमृतसर), शीतल कुमार (बठिंडा), गुरमेल सिंह (जालंधर), सुरिंद्र सिंह (फगवाड़ा) ने बताया कि करीब एक दर्जन वाहन टकराकर क्षतिग्रस्त हुए हैं। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवाजाही को दुरुस्त कराई। फायर ब्रिगेड टीम ने आग पर काबू पाया।
दुकानदार हटवाना चाहते हैं डंप : सेनेटरी इंस्पेक्टर
नगर परिषद के सेनेटरी इंस्पेक्टर विकास चौधरी ने बताया कि कूड़ा डंप के नजदीक ही कुछ दुकानें व होटल हैं। दुकानदार और होटल वाले कूड़े का डंप हटवाना चाहते हैं। स्थानीय लोग कूड़े में आग लगा देते हैं। हमने सीसीटीवी कैमरे भी लगवा रखे हैं। जिस दिन कैमरे बंद होते हैं लोग डंप के अंदर घुसकर शरारत कर जाते हैं। उन्होंने कहा कि डंप की जगह नहीं बदली जाएगी। सीसीटीवी कैमरों में बढ़ोतरी करके उन्हें हाटलाइन से जोड़ा जाएगा।