पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) के बॉयज हॉस्टल नंबर सात में नशे की ओवरडोज से विकास ठाकुर की मौत के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। विकास का मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट खंगालने पर पुलिस को कई संदिग्ध अकाउंट, चैट और कॉल डिटेल मिली है, जिनकी जांच में पता चला कि विकास नशे का बड़ा सप्लायर था। इतना ही नहीं, विकास ठाकुर अक्सर सोशल मीडिया पर जॉइंट मारने के वीडियो भी पोस्ट करता था।
विकास ठाकुर सोशल मीडिया पर रॉको के नाम से मशहूर था। यह पहला माैका नहीं था, जब वह पीयू में आया या फिर हाॅस्टल में पहली बार रुका। सोशल मीडिया पर उसके कई फोटो और वीडियो अलग-अलग तारीख में पोस्ट किए गए हैं, जो पीयू हॉस्टल के ही हैं। अधिकतर में वह जॉइंट बनाते और पीते हुए दिख रहा है।
19 नवंबर को हॉस्टल नंबर सात में नशे की ओवरडोज से एक युवक की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने मृतक के दो दोस्तों को गिरफ्तार कर गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज कर बुड़ैल जेल भेज दिया है। वहीं, रॉको के मोबाइल की पड़ताल करने पर पुलिस को कई बड़े घरानों के छात्रों के फोन नंबर मिले हैं, जिन पर नशा खरीदने-बेचने के संबंध में चैट की गई है। उन सभी नंबरों की पुलिस जांच कर रही है। डीएसपी स्तर के एक अधिकारी ने बताया कि नंबरों की जांच की जा रही है। जल्द ही इस मामले में कुछ और युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया जा सकता है।
मौत के बाद से कई नंबर-अकाउंट बंद
विकास उर्फ रॉको की मौत के बाद से नशा खरीदने वाले कई युवकों ने अपने मोबाइल फोन नंबर बंद कर दिए हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर ऑर्डर देने वाले युवकों ने उसे या तो ब्लॉक कर दिया है या फिर अपने सोशल मीडिया अकाउंट को बंद कर दिया है। नाम न छापने की शर्त पर एक हॉस्टलर ने बताया कि रॉको की मौत से नशा खरीदने वाले कई युवक सतर्क हो गए हैं। वहीं, नशे का धंधा करने वाले भी सतर्क हो गए हैं। पहले आसानी से हॉस्टल के अंदर ही नशे की सप्लाई हो जाती थी लेकिन अब सख्ती बढ़ने के बाद से सब साइलेंट हो गए हैं।
सप्लायर की मौत से पैडलर परेशान
हॉस्टल में रहने वाले एक युवक ने बताया कि वह नशे का आदी है। उसे पहले आसानी से नशेकी आपूर्ति हॉस्टल के रूम में ही हो जाती थी। मौत के बाद से सब सचेत हो गए हैं। रॉको कुल्लू से नशा लाकर पीयू के कई छोटे सप्लायर को देता था। अब उसकी मौत के बाद से चरस की सप्लाई कम हो गई है। हॉस्टलर ने चरस की सप्लाई लेने वाले सभी लड़के पर्सनल कनेक्शन वाले या फिर रेफरेंस
वाले ही होते थे।
शराब-चरस व पेपर रोल के साथ कई वीडियो
सॉल ऑफ पार्वती यूजर नेम से बनाई गई विकास ठाकुर की इंस्टाग्राम आईडी पर शराब,चरस, सूखे नशे और बंदूक के साथ कई तस्वीरें और वीडियो हैं। किसी पोस्ट में वह पेपर रोल बनाकर उसे पीता हुआ दिख रहा है तो किसी में वह शराब की बोतल लहरा रहा है। 24 जनवरी को पोस्ट की तस्वीर में रॉको ने शराब, बंदूक और उसके साथ चार गोलियाें के साथ फोटो पोस्ट किए हैं। एक रील में वह बॉब मार्ले के पोस्टर के बैकग्राउंड में रोल बनाकर पी रहा है। इन वीडियो को सैकड़ों लोगों ने देखा और लाइक भी किया है। विकास ने शरीर पर धार्मिक चिह्न व भांग गुदवा रखा था।
मौत के बाद लोगों ने किया अनफॉलो
रॉको महज 143 लोगों को ही फॉलो कर रहा था, जबकि उसके अकाउंट को 858 यूजर फॉलो कर रहे हैं। उसे जानने वालों ने बताया कि रॉको के अकाउंट को फॉलो करने वाले कई लोग थे। मौत के बाद से अधिकतर ने उस अकाउंट को अनफॉलो कर दिया। प्रोफाइल में उसने विकास ठाकुर के साथ रॉको नाम भी लिख रखा था। प्रोफाइल में लव शिव-पार्वती और महामृत्युंजय का मंत्र लिखा है। साथ ही एचपी 34, पार्वती वेली घर लिखा है।