अन्य देशों की तरह अब दुबई के बड़े कारोबारियों का रुझान निवेश की दृष्टि से हरियाणा में लाने का प्रयास किया जाएगा। इसका बीड़ा हरियाणा के सीएम मनोहर लाल उठाएंगे। इसी संदर्भ में सीएम जल्द दुबई रवाना होंगे और वहां बड़े उद्यमियों से मुलाकात कर उन्हें हरियाणा में निवेश का निमंत्रण देंगे।
इस दौरान सीएम दुबई के बड़े उद्योगपतियों को हरियाणा में उनके उद्योग से संबंधित संभावनाओं के बारे में जानकारी देकर उन्हें निवेश के लिए प्रेरित करेंगे। सीएम ने इस बाबत कहा कि दुबई में निवेशकों को आमंत्रित करना ही उनकी यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है। उनके अनुसार हरियाणा में पहले से ही कुछ निवेशक कार्य कर रहे हैं। जबकि कुछ और निवेशक प्रदेश में आने के इच्छुक हैं। इसलिए वह प्रदेश में निवेश को और अधिक गति देने की दिशा में दुबई के निवेशकों को आमंत्रित करेंगे।
अरावली क्षेत्र का फिर निर्धारण होगा
हरियाणा द्वारा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्राकृतिक संरक्षण क्षेत्रों के दृष्टिगत प्रदेश में वन क्षेत्र, विशेषकर अरावली क्षेत्र की वास्तविक धरातलीय स्थिति का पुनर्निधारण किया जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को विज्ञान भवन नई दिल्ली में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री व राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड के चेयरमैन हरदीप सिंह पुरी की अध्यक्षता में हुई राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड की 37वीं बैठक में भाग लेने के उपरांत कहा कि बैठक में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से संबंधित हरियाणा प्रदेश के विभिन्न विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ।