चंडीगढ़। यूटी प्रशासन ने सेक्टर-17 में अस्थायी मंडी शिफ्टिंग के आढ़तियों को लिखित आदेश की कॉपी भेज दी है। जिसमें आढ़तियों को मंडी के साप्ताहिक बंदी के दिन सोमवार को मंडी शिफ्ट करने की बात कही गई है। लिखित आदेश के बाद 150 से अधिक आढ़तियों ने शिफ्टिंग की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
आपको बता दें कि बापूधाम में बढ़ते कोरोना के संक्रमण को देखते हुए सेक्टर-26 से फल, सब्जी की मंडी सेक्टर-17 में शिफ्ट किया जा रहा है। आढ़तियों के विरोध को देखते हुए यूटी प्रशासन ने मंडी शिफ्टिंग को लेकर लिखित आदेश देने की बात कही थी। वीरवार को लिखित आदेश के बजाय प्रशासन की ओर से व्हाट्सएप पर ऑर्डर की कॉपी भेज दी थी। जिससे आढ़तियों में भय हो गया था कि कहीं उन्हे सेक्टर-17 से सेक्टर-39 की मंडी में प्रशासन शिफ्ट कर देगा।
आढ़तियों में असमंजस की स्थिति को देखते हुए यूटी प्रशासन ने शुक्रवार को शिफ्टिंग के लिखित आदेश आढ़तियों को जारी कर दिए हैं। अब तय समय सोमवार को साप्ताहिक बंदी के दिन मंडी शिफ्ट की जाएगी।
25 पास इश्यू करने की मांग
पांच सदस्यीय आढ़तियों की कमेटी ने यूटी प्रशासन से सेक्टर-17 में प्रत्येक आढ़ती को 25 पास इश्यू करने की मांग की है। कमेटी सदस्य बृजमोहन ने बताया कि मंडी शिफ्ट की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सोमवार को चिन्हित किए गए स्थानों पर आढ़ती शिफ्ट किए जाएंगे। इसके साथ ही कुछ मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा गया है।