चंडीगढ़। 2005 बैच के आईएएस मनदीप सिंह बराड़ ने मंगलवार को यूटी प्रशासन में गृह सचिव का पद संभाल लिया। उन्हें बधाई देने प्रशासन के कई अधिकारी पहुंचे। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि उनके पास गृह सचिव की जिम्मेदारी के साथ अन्य कौन-कौन से प्रभार होंगे। प्रशासन की तरफ से बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी किए जा सकते हैं।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 17 अगस्त को बराड़ के इंटर-कैडर डेपुटेशन की मंजूरी दी थी। इसके बाद मंत्रालय के अंडर सेक्रेटरी ने 20 अगस्त को उन्हें रिलीव करने के लिए हरियाणा सरकार के चीफ सेक्रेटरी को पत्र लिखा था। हरियाणा में चुनाव होने की वजह से हरियाणा ने बराड़ को रिलीव करने की फाइल चुनाव आयोग को भेजी थी। आयोग से अनुमति मिलने में देरी हो गई। इस वजह से करीब 20 दिन बाद उन्हें हरियाणा ने सोमवार को रिलीव किया। बराड़ हरियाणा में सांस्कृतिक सचिव के अलावा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक की जिम्मेदारी निभा रहे थे। बराड़ के प्रशासन में ज्वाइन करने के बाद से कई अधिकारियों के विभाग बदलेंगे, क्योंकि करीब तीन महीने से शहर में गृह सचिव का पद खाली था और उनके सारे विभागों कई अधिकारियों में बांटा गया है।
डीसी विनय प्रताप और हरगुनजीत कौर का कार्यकाल भी नवंबर में हो रहा समाप्त
एफएस का प्रभार देख रहीं पंजाब कैडर की आईएएस अधिकारी हरगुनजीत कौर का डेपुटेशन भी नवंबर में समाप्त होने वाला है। वर्तमान में चंडीगढ़ में डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात हरियाणा कैडर के आईएएस अधिकारी विनय प्रताप सिंह का कार्यकाल नवंबर महीने में समाप्त हो रहा है। हालांकि हरियाणा ने अगले डीसी के लिए तीन अधिकारियों का पैनल यूटी प्रशासन को भेज दिया है। इसमें 2013 बैच के आईएएस निशांत कुमार यादव, अजय कुमार और वर्ष 2014 बैच के आईएएस मनोज कुमार का नाम शामिल है। प्रशासन अब इन तीनों अधिकारियों का नाम केंद्र सरकार को भेजेगा। केंद्र की तरफ से इनमें से किसी एक को चंडीगढ़ का अगला डीसी नियुक्त किया जाएगा। शहर को निगम आयुक्त का भी इंतजार है।