चंडीगढ़। यूटी प्रशासन ने वर्ष 2005 बैच के आईएएस मनदीप सिंह बराड़ को गृह सचिव के साथ एस्टेट, हाउसिंग और कई अन्य विभागों की जिम्मेदारी भी सौंपी है। उन्हें हाउसिंग के साथ चीफ एडमिनिस्ट्रेटर का कार्यभार भी सौंपा गया है। वहीं, आईएएस अभिजीत विजय चौधरी को यूटी प्रशासक का विशेष सचिव बनाया गया है। वे शिक्षा सचिव समेत अन्य विभागों के सचिव की भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
प्रशासक के सलाहकार राजीव वर्मा की तरफ से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। मनदीप सिंह बराड़ को गृह के साथ एस्टेट, हाउसिंग, पुलिस, जेल, को-आर्डिनेशन, प्रोटोकॉल, रेवेन्यू, लोकल गवर्नमेंट और अर्बन डेवलपमेंट, वाटर रिसोर्सेज, एनवायरमेंट, फॉरेस्ट व अर्बन प्लॉनिंग के विभाग के सचिव की जिम्मेदारी भी दी गई है। ये सभी विभाग पहले नितिन कुमार यादव के पास थे, लेकिन उनके जाने के बाद इन्हें प्रशासन के कई अधिकारियों में बांट दिया गया था। मनदीप बराड़ के जॉइन करने के बाद उन सभी विभागों को दोबारा गृह सचिव को ही सौंप दिए गए हैं। हालांकि, पहले परिवहन विभाग के सचिव की जिम्मेदारी भी गृह सचिव के पास होती थी लेकिन यह विभाग डीसी विनय प्रताप सिंह के पास भी रखा गया है। बता दें कि मंगलवार को ही बराड़ ने प्रशासन में जॉइन किया है। वे चंडीगढ़ में डीसी भी रह चुके हैं।