सेक्टर-26 स्थित सब्जी मंडी में शुक्रवार रात सब्जी से भरी गाड़ी खड़ी करने को लेकर दो आढ़तियों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि उत्तर प्रदेश निवासी आढ़ती विनोद ने अपने बेटों के साथ मिलकर ऊना निवासी 43 वर्षीय देशराज पर चाकू से हमला कर दिया।
जीएमसीएच में घोषित किया मृत
गंभीर रूप से घायल देशराज को पुलिस ने जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, देशराज और विनोद छोटी पिकअप गाड़ियों में अपने-अपने क्षेत्रों से सब्जियां लेकर सेक्टर-26 की मंडी में बेचते थे। शुक्रवार रात करीब 10 बजे देशराज मंडी में अपनी गाड़ी खड़ी कर सब्जी बेच रहा था।
इसी दौरान विनोद अपने बेटों के साथ वहां पहुंचा और गाड़ी हटाने को लेकर देशराज से कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि विनोद व उसके बेटों ने देशराज पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मंडी में मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।