दो फरवरी को वाहन की टक्कर से घायल हुए व्यक्ति की वीरवार को पीजीआई में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात को सुरिंदर सिंह (35) की एक वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सुरिंदर सिंह मंगलवार रात को काम खत्म कर पैदल रायपुर कलां स्थित अपने घर वापस आ रहा था। तभी रायपुर कलां बैरियर के पास एक वाहन चालक उसे टक्कर मारकर फरार हो गया।
टक्कर से सुरिंदर बुरी तरह घायल हो गया। सुरिंदर के साथ काम करने वाले सुदामा ने बताया कि रात को करीब 9.30 बजे किसी ने उसे बताया कि रायपुर कलां बैरियर के पास सुरिंदर सिंह घायल हालत में पड़ा है। सुदामा ने वहां जाकर देखा तो पाया कि सुरिंदर लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा था।
सुदामा उसे ऑटो में पंचकूला के सेक्टर 6 अस्पताल ले गया। जहां से डॉक्टरों ने सुरिंदर की गंभीर हालत देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई में इलाज के दौरान वीरवार को सुरिंदर की मौत हो गई। सुरिंदर दिहाड़ीदार मजदूर था।
मृतक के मित्र सुदामा के बयान पर मौलीजागरां पुलिस स्टेशन में एक वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल, वाहन चालक का पता नहीं चला है। पुलिस आसपास के लोगों से घटना के बारे में पूछताछ कर रही है।