चंडीगढ़। रामदरबार फेज-2 स्थित रेलवे ओवरपास से सड़क गिरकर बुधवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस दौरान सड़क से गुजर रहे लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लहूलुहान हालत में पड़े व्यक्ति को सेक्टर-32 के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की उम्र करीब 55 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि अभी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को अस्पताल के शवगृह में रखवाकर जीआरपी थाना पुलिस को घटना की सूचना दे दी है। इसके बाद जीआरपी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर 31 थाना पुलिस को कंट्रोल रूम के जरिए बुधवार देर रात रामदरबार फेस-2 स्थित ओवरपास से गिरकर एक व्यक्ति के लहूलुहान होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी। घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों ने बताया कि उन्होंने अचानक रेलवे ओवरपास से एक व्यक्ति को नीचे गिरते हुए देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मामले में चंडीगढ़ जीआरपी थाना पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है कि आखिर मृतक की मौत ओवरपास से कूदने से हुई है या फिर चलती ट्रेन से गिरने की वजह से। मृतक के पास किसी भी प्रकार का पहचानपत्र न मिलने के कारण से फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।