चंडीगढ़। भाजपा नेता संजय टंडन के बेटे और सेक्टर-18 के रहने वाले वकील सत्यम टंडन की फोटो लगाकर व्हाट्सएप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर खुद को वकील बताने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि खरड़ निवासी 32 वर्षीय आरोपी कुणाल को पुलिस ने बाद में जमानत पर रिहा कर दिया। इस संबंध में सत्यम टंडन ने 18 मार्च को सेक्टर-17 साइबर क्राइम थाना पुलिस को शिकायत दी थी। जांच के बाद पुलिस ने 27 मार्च को आरोपी को गिरफ्तार कर एफआईआर दर्ज कर ली।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने व्हाट्सएप बिजनेस प्रोफाइल पर सत्यम टंडन की फोटो, नाम और पेशे से जुड़ी जानकारी का इस्तेमाल कर खुद को वकील बताकर लोगों से संपर्क करना शुरू कर दिया था। शिकायत में बताया गया कि सत्यम टंडन और उनके ससुर पवन डोगरा ने 18 मार्च को आरोपी के नंबर पर संपर्क कर बात की। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को सत्यम टंडन बताते हुए वकील होने का दावा किया और तीस हजारी कोर्ट में मिलने के लिए भी कहा। इस पूरी बातचीत की वीडियो रिकॉर्डिंग तैयार कर पुलिस को सौंपी गई जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह मोहाली की एक निजी कंपनी में फाइनेंस रिकवरी का काम करता है। उसने बताया कि वकील की फोटो लगाने से लोगों पर प्रभाव पड़ता है इसलिए उसने यह प्रोफाइल बनाई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।