अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से एक जनवरी से कुआलालंपुर की फ्लाइट सप्ताह में चार बार उड़ान भरेगी। मलिंदो एयरलाइन (अब बाटीक एयरलाइन) ने घोषणा की है कि उनकी कुआलालंपुर की फ्लाइट अमृतसर एयरपोर्ट से अब एक जनवरी से रविवार को भी उड़ान भरेगी। यह फ्लाइट पहले सप्ताह में मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उड़ान भरती थी।
अमृतसर विकास मंच के सेक्रेटरी योगेश कामरा ने बताया कि अभी यह फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन उड़ान भरती है। उन्होंने बताया कि अमृतसर से मलेशिया (कुआलालंपुर)की फ्लाइट की काफी मांग है। यही वजह है कि मलिंदो एयरलाइन ने पहले सप्ताह में तीन बार फ्लाइट शुरू की और अब इसे एक जनवरी से बढ़ाकर चार बार करने का फैसला किया है। यह फ्लाइट कुआलालंपुर से साउथ ईस्ट एशियाई देशों सिंगापुर, थाइलैंड (बैंकाक-फुकेट), इंडोनेशिया (जकार्ता व बाली) और ऑस्ट्रेलिया की सीधी कनेक्टिविटी देगी।
उन्होंने बताया कि आजकल साउथ ईस्ट और यूरोप के देशों में छुट्टियां चल रही हैं तो वहां रहने वाले बहुत से पंजाबी अपने देश विशेषकर पंजाब आकर सचखंड श्री हरमंदिर साहिब जी में नतमस्तक होना चाहते हैं। इसको देखते हुए ही मलिंदो एयरलाइन से यह फैसला किया है। इसका फायदा पंजाब के नहीं बल्कि पड़ोसी राज्यों के लोगों को भी होगा। कामरा ने कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट के मुकाबले अमृतसर से हवाई सफर करना सस्ता है। उन्होंने इस फ्लाइट को सप्ताह के सातों दिन करने की मांग भी की है।