चंडीगढ़। न्यूक्लियर मेडिसिन विशेषज्ञ व सशस्त्र बल चिकित्सा कॉलेज (एएफएमसी) के पूर्व छात्र मेजर जनरल हरकीरत सिंह ने चंडीमंदिर स्थित कमांड अस्पताल (पश्चिमी कमान) की कमान संभाल ली है। उन्हें यह जिम्मेदारी 17 मई को औपचारिक रूप से सौंपी गई। मेजर जनरल हरकीरत सिंह क्लीनिकल उत्कृष्टता और प्रशासनिक दक्षता के क्षेत्र में मजबूत पृष्ठभूमि के लिए जाने जाते हैं। वह विश्वस्तरीय चिकित्सा सेवा, अनुसंधान और प्रशिक्षण को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान केंद्रित करेंगे। मेजर जनरल सिंह एएफएमएस के एक अत्यंत अनुभवी अधिकारी हैं। उन्होंने देशभर के प्रमुख सैन्य चिकित्सा संस्थानों और संगठित मुख्यालयों में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। चिकित्सा विज्ञान में उनकी गहरी समझ और सैन्य ढांचे में स्वास्थ्य सेवाओं के रणनीतिक प्रबंधन का उनका अनुभव, कमांड अस्पताल की कार्य प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाएगा।