मोहाली के फेज-6 स्थित सरकारी कॉलेज में इस बार जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। समागम में राज्य के रेवेन्यू एवं लोक संपर्क मंत्री बिक्रमजीत सिंह मजीठिया मुख्य मेहमान होंगे।
वह ही झंडा फहराने की रस्म अदा करेंगे। यह जानकारी सहायक कमिश्नर जनरल अवनीत कौर ने दी। वह वीरवार को गणतंत्र दिवस के मौके पर करवाए जाने वाले रंगारंग कार्यक्रम की रिहर्सल का जायजा लेने पहुंची थीं।
उन्होंने बताया कि झंडा फहराना के बाद मुख्य मेहमान मार्चपास्ट की सलामी लेंगे। इस मौके पंजाब पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी कैडिट्स और बैंड में सरकारी कन्या स्कूल घड़ूआं की छात्राएं भाग लेंगी। इस मौके पर विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम भी पेश किया जाएगा।
साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में अपना योगदान देने वाली शख्सीयतों को सम्मानित भी किया जाएगा। जरूरतमंदों को सिलाई मशीनें और ट्राइसाइकिलें भी दी जाएंगी।
समागम के दौरान पीटी शो भी स्कूली बच्चों द्वारा किया जाएगा। इसके लिए भी तैयारी चल रही है। इस मौके पर डीईओ मेवा सिंह सिद्घू, परमवीर कौर और प्रो कंवर रजिंदर सिंह भी थे।