चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल के सीनियर नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने मंगलवार को सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें शेयर कीं। इनमें एक व्यक्ति आपत्तिजनक स्थिति में महिला के साथ दिखाई दे रहा है। मजीठिया ने दावा किया है कि ये तस्वीरें पंजाब के एक कैबिनेट मंत्री की हैं। उन्होंने पोस्ट में आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान को टैग करते हुए लिखा कि संबंधित मंत्री को तुरंत पद से हटाने के साथ उन्हें पार्टी से बाहर किया जाना चाहिए।
मजीठिया ने सोशल पर चार कुल तस्वीरें शेयर की हैं। ये तस्वीरें ऐसे समय में जारी की गई हैं, जब लुधियाना पश्चिम हलके के उपचुनाव का प्रचार बंद हो गया है। इतना ही नहीं उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर इससे जुड़ा वीडियो भी जारी करने की बात कही। इस संबंध में आप नेता डॉ. सन्नी आहलुवालिया ने कहा कि वीरवार को लुधियाना उपचुनाव के लिए मतदान होना है। शिअद लुधियाना उपचुनाव बुरी तरह से हार रही है। यही कारण है कि उसके नेता इस तरह के हरकतों पर उतर आए हैं। संबंधित मंत्री से भी बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।