डेरे के महंत को गोली मारकर एक युवक ने खुद भी जहर निगलकर आत्महत्या करने की कोशिश की। गोली से घायल बाबा और गोली मारने के बाद खुदकुशी की कोशिश करने वाले व्यक्ति को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से नाजुक हालत को देखते हुए बाबा को पटियाला और आरोपी को डीएमसी लुधियाना रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार गांव नमोल के डेरा रूखड़ दास के महंत शाम सुंदर दास को शनिवार दोपहर गांव के ही एक युवक गगनदीप सिंह ने डेरा परिसर में जाकर गोली मार दी। गोली बाबा की जांघ पर लगी। मौके पर ही पुलिस पहुंची और बाबा को यहां के सरकारी अस्पताल लाया गया।
इसी बीच गोली मारने वाले गगनदीप ने भी डेरा परिसर में ही कोई जहरीली चीज खाकर जान देने की कोशिश की। नाजुक हालत में उसे भी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को रेफर कर दिया गया। डीएसपी सुखदेव सिंह ने बताया कि आपसी रंजिश के चलते यह घटना घटी है। मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी। दूसरी तरफ सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने डेरा में पुलिस बल तैनात कर दिया है।