महाशिवरात्रि पर ट्राईसिटी के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालु उमड़ पड़े। लोगों ने जल से भोले का अभिषेक किया।
महाशिवरात्रि पर बुधवार को शहर के मंदिरों में स्थित शिवालयों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंज रहे हैं। लोगों ने परिवार और बच्चों के साथ मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक किया। सुबह से ही भक्त मंदिरों में पहुंचना शुरू हो गए। मंदिर कमेटियों की ओर से दूध और फलों का लंगर लगाया जा रहा है। शिवालयों में काफी भीड़ हो रही है। सुबह से ही भक्त शिवालयों में जलाभिषेक के लिए पहुंचना शुरू हो गए। अन्य दिनों से पहले ही मंदिरों के कपाट खुल गए।
सेक्टर-30, 20, 11, 21, 22, 23, 24, 40, 7, 8, 44, 45, 46, 47 के अलावा गांव हल्लोमाजरा, कैंबावाला, बुड़ैल, रायपुरखुर्द, सारंगपुर सहित शहर के सभी मंदिरों में महाशिवरात्रि पर भगवान का जलाभिषेक कर रहे हैं। मंदिर कमेटियों ने भक्तों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए थे। मंदिर जल चढ़ाने की विशेष व्यवस्था की गई थी।
सेक्टर-30स्थित शिव शक्ति मंदिर के प्रधान यादविंदर मेहता ने बताया कि महाशिवरात्रि पर भव्य आयोजन हो रहा है। सेक्टर-30 के श्री महाकाली मंदिर के प्रधान जतिंदर जौहर ने बताया कि महाशिवरात्रि पर दूध और फल का भंडारा लगाया गया है। सेक्टर-20 के गुग्गामाड़ी श्री हनुमान मंदिर के प्रमुख पंडित किशोरी लाल ने बताया कि बड़ी संख्या में जलाभिषेक के लिए भक्त पहुंचेंगे।
सेक्टर-40 स्थित श्री हनुमंत धाम मंदिर कमेटी की प्रधान नीना तिवारी ने बताया कि मंदिर में भारी भीड़ है। सेक्टर 8 के प्राचीन शिव मंदिर के प्रधान एचएस लक्की ने बताया कि मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों और सेवादार श्रद्धालुओं की सेवा मे जुटे हैं। दूध और फल का लंगर लगाया जा रहा है। खेड़ा शिव मंदिर के पुजारी ईश्वर चंद्र शास्त्री ने बताया कि मंदिर को आकर्षक तरीके से सजाया गया है।