चंडीगढ़। पंजाब सिविल सचिवालय में जांच के दौरान सीआईएसएफ जवान ने एक महिला से गोलियों से भरी एक मैगजीन बरामद की है। जांच करने पर सामने आया कि मैगजीन में सात गोलियां भरी हुई थीं। महिला की पहचान पंजाब सचिवालय के वित्त विभाग में लाॅ आफिसर के पद पर काम करने वाली रूपकंवल कौर के रूप में हुई है।
मामले की शिकायत सेक्टर-3 थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने महिला के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीआईएसएफ अधिकारी दीपा भटनागर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रूपकंवल कौर जब गेट में प्रवेश कर रही थी तो मेटल डिटेक्टर मशीन से उनकी जांच की गई। वहीं उनके बैग की जांच एक्सरे मशीन से की गई। एक्सरे मशीन पर ड्यूटी दे रही महिला जवान ने बैग में गोलियों से भरी मैगजीन देखी। उसके बाद तलाशी ली गई तो उसमें से .32 एमएम की गोलियों से भरी हुई मैगजीन थी। उसमें सात गोलियां थीं।
पूछताछ में महिला ने बताया कि वह मैगजीन उनके पारिवारिक मित्र हरनीत भोपाराय की है, जो गलती से उनके बैग में आ गई। इस पर सीआईएसएफ की इंस्पेटर एवं पंजाब सचिवालय की सुरक्षा प्रभारी दीपा भटनागर ने सेक्टर-3 थाना पुलिस को सूचित किया। उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।