चंडीगढ़। जिला अदालत के एक सीनियर वकील के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी, व्हाट्सएप और बैंक खाते खोल उनके जानकारों से पैसे मांगने का मामला सामने आया है। वकील हरीश भारद्वाज ने एसएसपी और साइबर अपराध पुलिस को लिखित शिकायत देकर मांग की है कि आरोपी के संबंधित मोबाइल नंबरों को ब्लॉक किया जाए। वहीं, फर्जी आईडी पर बनाए गए बैंक खातों को भी फ्रीज किया जाए। इनका प्रयोग आरोपी धोखाधड़ी के लिए कर रहा है। वहीं फर्जी फेसबुक आईडी ब्लॉक कर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर की मांग भी की गई है। हरीश भारद्वाज को जब कुछ जानकारों ने संदेश और स्क्रीनशॉट दिखाए तो उन्हें इस अपराध का पता चला। इसके बाद शिकायत में स्क्रीन शॉट और बाकी जानकारी भी संलग्न की गई है। वकील हरीश भारद्वाज ने बताया कि शातिर उनके नाम का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर उनके जानकारों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज रहा है। आरोपी ने एक मोबाइल नंबर से उनके नाम की व्हाट्सएप पर एक फर्जी आईडी भी बनाई हुई है। उस पर भी उनकी तस्वीर को डिस्प्ले फोटो /प्रोफाइल फाेटो लगा रखा है। वह उनके जानकारों को संदेश भेज उनके नाम से पैसे मांग रहा है।
उन्होंने उनके नाम से बनाए गए फर्जी एचडीएफसी बैंक, इंडसइंड बैंक खातों की जानकारी भी पुलिस के साथ सांझा करते हुए कार्रवाई की मांग की है। आरोपी शिकायतकर्ता के जानकारों को रकम जमा करवाने के लिए गूगल पे, पेटीएम आदि के अलग-अलग मोबाइल नंबर और यूपीआई आईडी भी दे रहा है। उन्होंने अपने जानकारों से आग्रह किया है कि उनके नाम के बने फर्जी अकाउंट में पैसे न डालें।