चंडीगढ़। बीएफएम पिक्चर्स में निवेश के नाम झांसा देकर दो लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में एक शिक्षक और टीबीआरएल के वैज्ञानिक के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है। सेक्टर- 45 निवासी जतिंदर पाल सिंह (75) ने पुलिस को दी शिकायत बताया कि उन्होंने हिंदी शिक्षक राकेश वर्मा को दो लाख बीएफएम पिक्चर्स में इन्वेस्ट करने के लिए दिए थे। इसके साथ उन्होंने खाली चेक भी दिया था। आरोपों के तहत आरोपी ने उक्त पैसों को 55 महीने के लिए एफडी की जाने की बात कही थी। एफडी पूरी होने के बाद 11.5 लाख रुपये मिलने का वादा किया था। पीड़ित ने मैच्योरिटी के समय राकेश वर्मा से एफडी के बारे में पूछा तो आरोपी ने कहा कि उसने कंपनी छोड़ दी है। जांच में पाया कि उनके द्वारा खाली दिया चेक 20 नवंबर 2017 को राजिंदर बिष्ट द्वारा यूनियन बैंक आफ इंडिया से पीएनबी सेक्टर- 45 में भेजा गया था। राजिंदर कुमार सेक्टर- 30 स्थित टीबीआरएल में वैज्ञानिक के रूप में कार्यरत हैं। जतिंदर पाल ने आरोप लगाया कि दोनों ने मिलकर उससे ठगी की है। सेक्टर- 34 थाना पुलिस ने मामले की जांच कर मामला दर्ज किया है।