चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय के एमए द्वितीय वर्ष मनोविज्ञान के छात्रों की परीक्षा 25 सितंबर को है। उसी दिन यूजीसी की ओर से नेट की परीक्षा करवाई जा रही है। ऐसे में छात्र एक ही परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। इसी को देखते हुए पीयू के छात्रों ने अधिकरियों से मुलाकात करके एमए मनोविज्ञान की परीक्षा दूसरे दिन लेने की मांग की है।
छात्र संगठन सोई ने परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन दिया। पीयूसीएससी के पूर्व अध्यक्ष चेतन चौधरी ने कहा कि नेट की परीक्षा व मनोविज्ञान के छात्रों की परीक्षा एक ही तिथि व समय पर होने के कारण तमाम विद्यार्थी दूसरी परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे। नेट की परीक्षा की तैयारी भी बहुत से विद्यार्थियों ने की है। ऐसे में वे परीक्षा नहीं देंगे तो उनके सपने प्रभावित होंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए परीक्षा नियंत्रक से कहा है कि वे 25 सितंबर को होने वाली परीक्षा को अन्य दिन में शिफ्ट कर दें। परीक्षा नियंत्रक ने आश्वासन दिया है कि छात्रों को दिक्कतें नहीं होंगी। वह मनोविज्ञान की परीक्षा को अगले दिन में शिफ्ट करने की तैयारी कर रहे हैं।