क्या आपने कभी गौर किया है कि एसएमएस, व्हाट्सएप या ईमेल पर चैट करते वक्त आप जो भाषा लिखते हैं, वह एक लिपि है। जी हां, इसे रोमनागरी लिपि कहते हैं। रोमनागरी, यानी इंग्लिश और देवनागरी का रीमिक्स।
अब तक इस लिपि को हम चैटिंग में ही इस्तेमाल करते आए थे लेकिन ट्राइसिटी की बेटी ऋचा देवेसर ने एक कदम आगे बढ़ते हुए इस लिपि में किताब लिख दी है। ‘ऑल वी नीड इज लव’ इस तरह की पहली किताब है।
चंडीगढ़ में जन्मी और पली-बढ़ी ऋचा अब पंचकूला में रहती हैं। पंजाब यूनिवर्सिटी से मास्टर्स करने वाली ऋचा सीए बनना चाहती थीं लेकिन किताबें पढ़ने का मोह उन्हें लेखन जगत में ले आया।
एक पीआर एजेंसी के साथ काम कर रहीं ऋचा कहती हैं कि रोमनागरी अब युवाओं की भाषा है। सोशल साइट्स पर सबसे ज्यादा इसी का ही इस्तेमाल होता है लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि यह रोमनागरी लिपि है।
आज तक कोई भी किताब पूरी तरह से इस लिपि में नहीं लिखी गई है। इसकी खासियत यह है कि पाठक को एहसास ही नहीं होता कि वह किताब पढ़ रहा है क्योंकि इनफॉर्मल चैट की तरह यह युवाओं से सीधे कनेक्ट होती है।
आपकी भी प्रेम कहानी
इस किताब में 10 लव स्टोरीज हैं। ‘inhi mein hai kahin apki prem kahani...(इन्हीं में है कहीं आपकी प्रेम कहानी) इस किताब की लिपि की एक बानगी है। पाठक चैटिंग की तरह इसे आसानी से पढ़ता चला जाता है।
चैटिंग से ही मिला आइडिया
ऋचा कहती हैं कि मोबाइल पर फ्रेंड्स से चैट करते समय वह हिंदी शब्दों को इंग्लिश में लिखती हैं क्योंकि इस में वह ज्यादा कंफर्टेबल महसूस करते हैं। वहीं से उन्हें इस लिपि में किताब लिखने का आइडिया मिला और उन्होंने महज तीन माह में यह किताब पूरी कर दी।