लक्ष्मी पूजन के लिए कमल की बढ़ी मांग, घरों और मंदिरों को सजाने के लिए गेंदे की खरीदारी तेज
फूलों की कीमतों में आया 40 फीसदी तक उछाल
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। दिवाली पर मां लक्ष्मी के स्वागत की तैयारी में जुटे शहरवासियों की खरीदारी अब फूल बाजारों में भी रौनक बढ़ा रही है। घर के मुख्य द्वार से लेकर मंदिरों तक को सजाने के लिए लोग गेंदे की मालाएं और फूल खरीद रहे हैं। वहीं, लक्ष्मी पूजन के लिए कमल के फूल की खास मांग है। हालांकि, इस बार फूलों की खुशबू के साथ बढ़े दाम भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कमल पर विराजमान मां लक्ष्मी को समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। इसी वजह से पूजा के लिए कमल खरीदने वालों की संख्या बढ़ी है। सेक्टर-23 के फूल विक्रेता गुरचरण सिंह ने बताया कि त्योहार के चलते बिक्री में तेजी आई है। गेंदे के खुले फूल 100 से 120 रुपये प्रति किलो और मालाएं 30 से 40 रुपये में बिक रही हैं। गुलाब के दाम 200 से 250 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं।
कमल के दाम दोगुने, मालाएं भी महंगी
सेक्टर-29 के फूल विक्रेता अनुपम के अनुसार मांग बढ़ने से कीमतों में करीब 40 फीसदी तक उछाल आया है। पहले 20 रुपये में मिलने वाली माला अब 50 रुपये में बिक रही है। गुलाब के दाम 100 रुपये से बढ़कर 200 से 250 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। वहीं, कमल का एक फूल 50 रुपये के बजाय अब 100 रुपये में मिल रहा है। इसके बावजूद त्योहार की तैयारी के लिए लोग फूलों की खरीदारी कर रहे हैं।