चंडीगढ़। मोबाइल पर निवेश कर दोगुनी रकम पाने के झांसे में आकर सेक्टर-42 अटावा निवासी दंपती, उनके साले, साले की पत्नी और दोस्त के साथ 2.72 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। अटावा के विजय कुमार (33) ने की शिकायत पर साइबर अपराध पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है। हालांकि, अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। विजय कुमार ने शिकायत में बताया कि उनके एक दोस्त ने उन्हें बताया था कि फोक्सकोन एप डाउनलोड करने और इस पर निवेश करने पर अच्छी रिटर्न मिलेगी। उसके दोस्त ने मोबाइल पर लिंक भेजा और शिकायतकर्ता ने भी एप डाउनलोड कर ली। शिकायतकर्ता ने शुरू में 21 अगस्त को 1200 रुपये निवेश किए। इसके बाद आगे थोड़ी-थोड़ी रकम कर निवेश करने शुरू की। अक्तूबर तक शिकायतकर्ता निवेश करता रहा और कुल 39,679 रुपये जमा करवा दिए। डबल रिटर्न के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने कुल 23,492 रुपये गंवा दिए। शिकायतकर्ता की पत्नी ने भी झांसे में आकर 13,517 रुपये गंवा दिए। अटावा निवासी शिकायतकर्ता के साले ने भी 115699 रुपये लगा दिए। इनके अलावा शिकायतकर्ता के साले की पत्नी और उसके दोस्त मनोज कुमार के साथ भी ठगी हुई। कुल 2,72,311 रुपये निवेश करने पर पता चला कि उनके साथ ठगी हो गई है।