पंजाब में कांग्रेस और भाजपा उम्मीदवारों को लेकर चला आ रहा सस्पेंस बुधवार को खत्म होने की उम्मीद है।
एक तरफ सीपीआई जहां पंजाब में कांग्रेस के साथ गठबंधन पर फैसला करेगी, वहीं, कांग्रेस भी सीपीआई के फैसले के बाद पंजाब की बाकी सीटों पर फैसला लेगी।
भाजपा द्वारा पंजाब की सीटों पर फैसला 13 मार्च को होने की उम्मीद है। कांग्रेस ने सीपीआई को फरीदकोट सीट समझौते के तहत देने की पेशकश की है।
पर सीपीआई के प्रदेश नेतृत्व के दो गुटों में वैचारिक मतभेद केचलते इस पर अब तक फैसला नहीं हो सका। पर उम्मीद की जा रही है कि सीपीआई राष्ट्रीय नेतृत्व की बुधवार को होने वाली मीटिंग में इसपर फैसला हो सकता है।
पीपीपी प्रधान मनप्रीत बादल ने बताया कि वह सीपीआई नेता एबी वर्धन से मिले थे। उनका रुख काफी सकारात्मक था। वर्धन ने कहा था कि पार्टी एक बार मणिपुर में ऐसा प्रयोग कर चुकी है। जहां राष्ट्रीय स्तर से अलग जाकर समझौता किया गया था।
उन्होंने पंजाब के नेताओं डॉ. जोगिंदर दयाल और हरदेव अर्शी को जिम्मेदारी सौंपी है। उम्मीद है कि सीपीआई मान जाएगी।
उधर, कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव कमेटी की मीटिंग में भी बुधवार को पंजाब की सीटों पर चर्चा होने की उम्मीद है। खासकर सीपीआई के फैसले केबाद कांग्रेस समझौते का ऐलान कर सकती है।
पंजाब प्रभारी शकील अहमद ने कहा कि जल्द ही पंजाब की बाकी सीटों का ऐलान कर दिया जाएगा।