लोकसभा चुनाव नजदीक आते पीयू कैंपस में राजनीति की सरगर्मियां बढ़ गईं हैं। राजनीति में भविष्य तलाश रहे पीयू के युवा नेताओं के लिए राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के सामने अपना कद ऊंचा करने का बेहतरीन मौका है।
आगामी चुनाव में युवाओं का वोट तुरूप का पत्ता साबित होगा, इससे सभी वाकिफ हैं। ऐसे में हर पार्टी के युवा नेता हर वोट की अहमियत को समझते हुए दिनरात कैंपस में प्रचार कर रहे हैं।
पीयू कैंपस में कांग्रेसी प्रत्याशी पवन बंसल के लिए एनएसयूआई नेता और बीजेपी नेता किरण खेर के लिए एबीवीपी जमकर प्रचार कर रही है। दोनों ही प्रत्याशियों के लिए युवा नेताओं ने पीयू में जनसभा आयोजित की हैं।
युवा नेताओं का प्रचार में निकल रहा पसीना
सभी बड़े राजनैतिक दल वोट बैंक मजबूत करने के लिए कैंपस के युवा नेताओं को अपने साथ जोड़ने में लगे हैं। 2013 पीयू छात्र काउंसिल चुनाव में पहली बार प्रधान पद जीत हासिल करने वाले एनएसयूआई नेता चंदन राणा और युवा नेता मनोज लुबाना चुनाव में पवन बंसल का समर्थन कर रहे हैं। बंसल के बेटे मनीष बंसल के साथ कई दिनों से लगातार पीयू कैंपस में ढेरा डाले हैं। उधर, बीजेपी उम्मीदवार किरण खेर के लिए एबीवीपी नेता दिनेेश चौहान ने पूरा जोर लगा रखा है। चौहान ने गत शनिवार को पीयू कैंपस में अनुपम और किरण खेर का कार्यक्रम भी आयोजित किया था। पीयू में सोपू और पुसू को छोड़कर सोई में गए छात्र नेता भी भाजपा के लिए प्रचार कर रहे हैं।
वोट या परीक्षा की तैयारी
10 अप्रैल चंडीगढ़ लोकसभा चुनाव को देखते हुए वैसे तो पीयू ने पहले ही परीक्षा शेड्यूल में बदलाव कर दिया है। लेकिन वार्षिक परीक्षाओं के कारण विद्यार्थियों का ध्यान चुनाव से अधिक अपनी परीक्षाओं पर अधिक होगा। ऐसे में वोटिंग के ग्राफ में कुछ कमी आ सकती है। उधर, पीयू के युवा नेता लोकल स्टूडेंट्स से वोट डालने के लिए पुरजोर अपील कर रहे हैं।
पीयू के निकले देश में छाए ...
पीयू कैंपस से राजनीति की शुरुआत करने वाले कई युवा नेताओं ने बाद में देश की राजनीति में कदम रखा। जिसमें पवन कुमार बंसल, सुषमा स्वराज, सत्यपाल जैन, राजीव प्रताप रूढ़ी शामिल हैं।