लोकसभा चुनाव 2019 के लिए पंजाब में गुरदासपुर संसदीय सीट से चुनाव लड़ने के लिए भाजपा उम्मीदवार अभिनेता सनी देओल सोमवार को अपना नामांकन करेंगे। इससे पहले वे एक रैली भी करेंगे। इस मौके पर भाई बॉबी देओल और उनके पिता धर्मेंद्र भी मौजूद रहेंगे।
यह जानकारी लोकसभा क्षेत्र के इंचार्ज कमल शर्मा ने पत्रकार वार्ता के दौरान दी। इससे पहले पूर्व सांसद स्व. विनोद खन्ना की पुण्यतिथि पर भारतीय जनता पार्टी गुरदासपुर की ओर से श्रद्धांजलि दी गई। शर्मा ने बताया कि सनी देओल की रैली सुबह दस बजे शुरू होगी।
इसमें विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह, प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, अकाली दल बादल के प्रधान सुखबीर बादल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक मौजूद रहेंगे। गुरदासपुर के किसी नेता को टिकट न देने पर शर्मा ने कहा कि हलके में बेहद दमदार नेता हैं, लेकिन पार्टी अनुशासन में रहकर काम करती है।