चंडीगढ़ से कांग्रेस उम्मीदवार पवन कुमार बंसल की हार के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा अपने विरोधियों के निशाने पर आ गए हैं। विरोधियों ने उन पर इस्तीफे का दबाव बनाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को किसी ने अफवाह फैला दी कि प्रदीप छाबड़ा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस मैसेज को वायरल कर दिया गया।
खबर मीडिया तक पहुंची तो मीडियाकर्मियों ने प्रदीप छाबड़ा को फोन करना शुरू कर दिया। इससे प्रदीप छाबड़ा परेशान हो गए। बाद में उन्होंने सभी को मैसेज कर बताया कि उन्होंने न तो कोई इस्तीफा दिया है और न ही उनका ऐसा कोई विचार है। जब तक राहुल गांधी चाहेंगे, इस पद पर वे बने रहेंगे। वे सभी कांग्रेसियों को साथ लेकर पवन बंसल के मार्गदर्शन में भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लड़ेंगे।
उन्होंने बताया कि कुछ लोग हैं, जो इस तरह के मैसेज फैला रहे हैं। इससे न तो वह डरने वाले हैं और न ही हताश होने वाले। उन्होंने कहा कि चुनाव में कांग्रेसियों ने अच्छा काम किया है। मेहनत भी की है। इसमें कोई शक नहीं। यह समय कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाने का है, लेकिन विरोधी इसे मुद्दा बनाकर कांग्रेस की जड़ों को हिलाने का काम कर रहे हैं।