चंडीगढ़ में गर्मी और पारा चढ़ने के साथ ही राजनीति भी गरमाने लगी है। इसके चलते चंडीगढ़ में चारों चुनाव प्रत्याशियों से कुछ सवाल पूछे गए, जिनके उन्होंने दिलचस्प जवाब दिए। प्रेस क्लब में शनिवार को रेजिडेंट एसोसिएशन वेलफेयर फेडरेशन की ओर से मीट द कैंडीडेट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें शहर के सभी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों ने भाजपा उम्मीदवार सांसद किरण खेर, कांग्रेस प्रत्याशी पवन बंसल, आप प्रत्याशी हरमोहन धवन और कैप प्रत्याशी अविनाश सिंह शर्मा पर एक-एक कर सवाल दागे।
पानी, ट्रैफिक समस्या, गंदगी, हाउसिंग, डंपिंग ग्राउंड, मेट्रो रेल, कुत्तों आदि की समस्याओं पर सभी प्रत्याशियों से सवाल पूछे गए और इनसे निपटने के लिए वह क्या करेंगे, यह भी पूछा गया। इस बीच एक व्यक्ति ने किरण खेर से पूछा कि, वह मानती हैं कि रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन शहर की लाइफलाइन हैं, फिर उन्होंने बीते 5 सालों में आरडब्ल्यूए के साथ मिलकर कितने प्रोजेक्ट पर काम किए। पूर्व एडवाइजर विजय देव ने प्रशासन और लोगों के बीच ब्रिज का काम किया।
इस पर बीच में ही रोकते हुए सांसद खेर ने कहा कि तुम कांग्रेसी हो। ऐसा ही सवाल पहले भी पूछा गया है। विजय देव ने कुछ नहीं किया। सब कुछ उनके जाने के बाद हुआ है। स्मार्ट सिटी, कजौली का पानी सभी काम उनके जाने के बाद हुए हैं।
सवाल- ड्डूमाजरा के डंपिंग ग्राउंड को लेकर सभी ने वादा किया, लेकिन समस्या जस की तस?
किरण खेर- प्लानिंग कर ली है। 180 दिन में कूड़े के ढेर को हटा देंगे। डंपिंग ग्राउंड पवन बंसल की देन है। उन्होंने जेपी कंपनी से करार किया तो उसमें एक्जिट क्लॉज नहीं डाला।
पवन बंसल- मेरे पास प्लान है। डेढ़ साल में शहर को डंपिंग ग्राउंड से मुक्त कर देंगे। जेपी कंपनी अगर ठीक से काम नहीं करेगी तो उसे उखाड़ फेंकेंगे।
हरमोहन धवन- सभी ने इस पर सिर्फ राजनीति की है। आम आदमी पार्टी इस कूड़े के ढेर को शहर से हटाएगी। इसके लिए हमारे पास प्लान है।
अविनाश शर्मा- पहले पवन बंसल, फिर किरण खेर सभी ने डंपिंग ग्राउंड के मुद्दे पर सिर्फ राजनीति की है। हम शहर को इससे मुक्त कर के दिखाएंगे।
सवाल- शहर में गंदगी बढ़ रही है, इसके लिए क्या करेंगे?
किरण खेर- स्वच्छता रैंकिग में पहले नंबर पर लाने के लिए काफी प्रयास किए जा रहे हैं।
पवन बंसल- कूड़े के डिस्पोजल को लेकर प्लान तैयार किया गया है।
हरमोहन धवन- कूड़े का ढंग से निपटारा कर असल मायने में सिटी ब्यूटीफुल बनाएंगे।
अविनाश शर्मा- वादा करता हूं कि शहर को एक बार फिर सफाई में नंबर-1 बनाऊंगा।
सवाल- डॉग बाइट की समस्या से पूरा शहर परेशान। अब तो सैर करना भी हुआ मुश्किल?
किरण खेर- आवारा जानवरों को न खिलाएं। सुप्रीम कोर्ट के फैसलों को देखते हुए ज्यादा कुछ नहीं कर सकते, लेकिन डॉग पौंड बनाएंगे।
पवन बंसल- कुत्ते की समस्या से हम निजात दिलाएंगे। कुत्तों के लिए डॉग पौंड बनाने की जरूरत है। स्टेरलाइजेशन किया जाएगा।
हरमोहन धवन- शहर में कुत्तों की समस्या काफी गंभीर है। वर्तमान सांसद ने इस पर ध्यान नहीं दिया लेकिन हम डॉग पौंड बनाएंगे।
अविनाश शर्मा- कुत्तों ने डेढ़ साल के बच्चे को नोंच खाया। मैंने हाईकोर्ट में केस किया, मामला चल रहा है। डॉग पौंड बनाएंगे।
सवाल- स्ट्रीट वेंडर्स को लेकर व्यापारी काफी परेशान हैं। इस समस्या को कैसे हल करेंगे?
किरण खेर- स्ट्रीट वेंडर्स को लेकर ऐसे प्लान की जरूरत है, जिसमें व्यापारी, वेंडर्स और लोगों की भलाई हो। सेक्टर-17, 22 और 19 को नो वेंडिंग जोन बनाएंगे।
पवन बंसल- भाजपा ने इस समस्या को पैदा किया। बिना किसी प्लानिंग के किसी को भी लाइसेंस बांट दिया। वर्तमान पॉलिसी को रिव्यू करेंगे और दूसरा प्लान लेकर आएंगे ।
हरमोहन धवन - सालों से पवन बंसल और किरण खेर इसके समाधान पर जनता को मूर्ख बनाते रहे और वोट बटोरते रहे। हम इसका हल निकालेंगे।
अविनाश शर्मा - वेंडर्स की समस्या पर चंडीगढ़ की आवाज पार्टी प्रमुखता से काम करेगी। हम वर्तमान पॉलिसी को रिव्यू कर उसमें जरूरत पड़ने पर बदलाव करेंगे।
सवाल- लीज होल्ड और फ्री होल्ड रेट काफी ज्यादा है। कैसे लोगों को राहत मिलेगी?
किरण खेर- हमने लोगों को राहत दी है। पवन बंसल ने इसको ठंडे बस्ते में डाल दिया था। कांग्रेस का यह एक स्कैम था।
पवन बंसल- लीज होल्ड और फ्री होल्ड रेट काफी ज्यादा हैं। हम इसको कम करने का प्रयास करेंगे। इसे संशोधित किया जाएगा।
हरमोहन धवन- लोगों को परेशान नहीं होने देंगे। रेट को कम किया जाएगा। अधिकारियों से मिलकर सभी के हित में रेट तय किए जाएंगे।
अविनाश शर्मा- हम इसको कम करने का प्रयास करेंगे। इसे संशोधित किया जाएगा। भाजपा ने रेट बढ़ाकर लोगों को परेशान करने का काम किया है।
सवाल- दिनों दिन बढ़ रहे ट्रैफिक पर कैसे लगाम लगेगी? क्या उपाय हैं?
किरण खेर- लोगों को कार पूलिंग अपनाना चाहिए। शहर को मेट्रो की जरूरत नहीं है। यह महंगा है, मोनो रेल शहर के लिए बेस्ट है। मनीमाजरा, धनास में अंडरपास बनाया गया है।
पवन बंसल- किरण खेर ने सेक्टर-17 और 16 के बीच अंडरपास बनाया, जिसकी बिल्कुल जरूरत नहीं थी। जरूरत पीजीआई और यूनिवर्सिटी रोड पर है। शहर को मेट्रो चाहिए।
हरमोहन धवन - मेट्रो के पक्ष में हूं। शहर को ज्यादा से ज्यादा अंडरपास और फ्लाईओवर की जरूरत है। इससे ट्रैफिक की समस्या हल हो पाएगी ।
अविनाश शर्मा - शहरवासियों को सिर्फ मेट्रो रेल और मोनो रेल के नाम पर सपने दिखाए जा रहे हैं। हम लोगों को फ्लाईओवर व अंडरपास देंगे।
सवाल- चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की जरूरत आधारित नीति?
किरण खेर- नीड बेस्ड चेंज की समस्याओं पर लगातार काम किया जा रहा है। लोगों को नोटिस आने बंद हो गए हैं।
पवन बंसल- लोगों को बेवजह परेशान किया जा रहा है। साल 2001 के आधार की सिफारिश पर काम करेंगे।
हरमोहन धवन - दोनों पार्टियां लोगों को परेशाम कर रही है। उल्लंघन/आवश्यकता आधारित परिवर्तनों के लिए वन टाइम सेटलमेंट स्कीम लाएंगे।
अविनाश शर्मा - भाजपा और कांग्रेस ने सिर्फ लोगों को परेशान करने का काम किया है। हम वन टाइम सेटलमेंट स्कीम लाने का प्रयास करेंगे।