लोकसभा चुनाव 2019 की तैयारियों के बीच इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव आरएस चौधरी ने जेजेपी संरक्षक अजय सिंह चौटाला पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। चौटाला पर इनेलो के पार्टी फंड का दुरुपयोग करके इनेलो के बजाए अपने खास समर्थकों के नाम पर जमीनें खरीदने के आरोप लगाए गए हैं। इनेलो के टूटने के बाद अजय चौटाला और उनके पुत्र दुष्यंत चौटाला ने जननायक जनता पार्टी बना ली थी।
इनेलो विधायक दल के नेता अभय सिंह चौटाला ने भी एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में अपने भाई पर दफ्तरों की जमीन में फर्जीवाड़े के आरोप जड़े हैं। अब आरएस चौधरी ने आशंका जाहिर की है कि पार्टी कार्यालय खोलने के नाम पर ऐसा फर्जीवाड़ा बाकी जिलों में भी हुआ है। चौधरी के अनुसार, अजय सिंह चौटाला पर जब इनेलो संगठन की जिम्मेदारी थी, तब पार्टी अध्यक्ष ओमप्रकाश चौटाला ने उन्हें हर जिले में इनेलो के दफ्तर खोलने के लिए अधिकृत किया था।
इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिल खोलकर आर्थिक सहयोग किया। आरएस चौधरी ने आरोप लगाया कि पार्टी वर्करों ने जो पैसा दिया, उससे इनेलो के नाम पर जमीनें खरीदने के बजाय अजय चौटाला ने अपने खास समर्थकों के नाम पर जमीनें खरीदी और रजिस्ट्री कराई। इससे साबित होता है कि अजय चौटाला बहुत पहले से पार्टी में बिखराव चाहते थे। वे अलग झंडे और अलग डंडे के हक में थे, जिसके लिए वे पिछले काफी समय से इनेलो को कमजोर करने में लगे थे।