लोकसभा चुनाव में पटियाला सीट सभी पार्टियों के लिए नाक का सवाल मानी जा रही है। सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह का जिला होने के कारण यह इस बार की हॉट मानी जा रही है। पटियाला में जीत हासिल करना कैप्टन की प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है। 2014 के लोकसभा चुनाव में उनकी पत्नी परनीत कौर को आप के धर्मवीर गांधी के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा था।
इसलिए इस बार कांग्रेस इस सीट से पूरा जोर लगाएगी। वहीं बाकी पार्टियों के लिए भी इस सीट से जीत हासिल करके अपनी साख बनाना प्रमुख रहेगा। यहां से कांग्रेस की तरफ से जहां कैप्टन की पत्नी एवं पूर्व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री परनीत कौर का नाम संभावित उम्मीदवार के तौर पर सामने आ रहा है, लेकिन कांग्रेसी नेता काका रणदीप सिंह ने भी अपनी दावेदारी जता रखी है।
वहीं शिरोमणि अकाली दल की तरफ से पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा पर दांव खेला जा सकता है। आम आदमी पार्टी के बागी सांसद धर्मवीर गांधी भी अपनी पार्टी बनाकर चुनाव मैदान में उतर चुके हैं। परनीत कौर और सुरजीत सिंह रखड़ा ने अपनी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। मीटिंग और सभाएं करके दोनों नेताओं द्वारा जनसमर्थन जुटाने की कोशिश की जा रही है।