हरियाणा में भाजपा ने हर सीट पर जीत के लिए अपनी व्यूह रचना तैयार करते हुए किलेबंदी कर ली है। भाजपा ने हर सीट पर चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। वहीं रणनीति के तहत 16 टीमें काम करेंगी। ये टीमें लोकसभा से लेकर विधानसभा क्षेत्रों में भी सक्रिय रहेंगी। बूथ स्तर पर अलग से टीमें काम करेंगी। प्रत्याशी को किस तरह से काम करना है, इसकी रणनीति भी ये टीमें बनाएंगी।
हरियाणा में अधिकतर सीटों पर भाजपा के प्रत्याशियों की घोषणा होने के बाद से इन टीमों ने हलकों में काम करना शुरू कर दिया है। कुछ टीमें प्रत्याशियों और भाजपा हाईकमान के बीच कड़ी का काम भी करेंगी और निरंतर फीडबैक आलाकमान को देती रहेंगी। प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता डॉ. संजय शर्मा के अनुसार हर हलके में टीमों का गठन हो चुका है और उन्हें जिम्मेदारियां भी सौंप दी गई हैं।
लोकसभा व विधानसभा स्तर पर काम करेंगी टीमें
भाजपा ने एक कार्यक्रम प्रमुख की टीम बनाई है, जो एक लोकसभा प्रभारी, लोकसभा संयोजक, सह संयोजक, लोकसभा सहयोगी, मीडिया इंचार्ज, आईटी प्रमुख, आईटी सह प्रमुख, स्टार प्रचारकों के कार्यक्रम करवाएगी। इसके अलावा लोकसभा प्रत्याशी के खर्च का हिसाब रखने के लिए सीए और अकाउंट की टीम, प्रचार सामग्री वितरण प्रमुख टीम, कार्यालय प्रमुख, सह प्रमुख, चुनाव प्रबंधन प्रमुख, बूथ समितियां इंचार्ज की टीमें भी गठित की गई हैं।
इसी तरह सभी विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा प्रभारी, संयोजक, सह संयोजक, मीडिया व आईटी प्रमुख की टीमों के साथ-साथ सोशल मीडिया इंचार्ज, सामग्री के जरिए प्रचार हेतु प्रिंटिंग प्रमुख, नुक्कड़ सभाएं प्रमुख और डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान प्रमुख नियुक्त करते हुए उनके अंतर्गत काम करने वाले कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंप दी गई है।
नोटिस संभालेगी ‘विधि एवं विधायी’ टीम
अंबाला लोकसभा व विधानसभा के लिए नियुक्त संयोजक एडवोकेट संदीप सचदेवा ने बताया कि प्रदेश संयोजक दीपक मनचंदा की देखरेख में हर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने ‘विधि एवं विधायी’ प्रकोष्ठ का गठन किया है। ये टीम प्रत्याशी को आयोग के कानूनी पचड़ों से बचाएगी। यदि आयोग से प्रत्याशी को किसी प्रकार का नोटिस मिलता है, तो जवाब यही टीम देगी। साथ ही दूसरे प्रत्याशी आचार संहिता की धज्जियां तो नहीं उड़ा रहे, इस पर भी ध्यान रखते हुए उसकी शिकायत आयोग को करेगी। नामांकन की सारी प्रक्रिया भी यही टीम संभालेगी।