इसके अलावा होशियारपुर, जालंधर और फरीदकोट सीट पर प्रत्याशियों के खिलाफ बगावत के मुद्दे को भी आलाकमान ने नजरअंदाज कर दिया है। इस बीच श्री आनंदपुर साहिब और संगरूर सीट पर प्रत्याशियों के एलान की खास बात यह रही कि दोनों प्रत्याशियों को कैप्टन अमरिंदर सिंह की पसंद बताया जा रहा है। इस मामले में पार्टी ने प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ द्वारा सुझाए गए प्रत्याशियों को अनदेखा कर दिया गया।
संगरूर सीट के लिए पार्टी की प्रदेश प्रभारी आशा कुमारी और प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ किसी हिंदू प्रत्याशी की मांग कर रहे थे जबकि कैप्टन अपने करीबी केवल ढिल्लों को टिकट दिलवाना चाहते थे।
इसी तरह श्री आनंदपुर साहिब सीट पर भी कैप्टन की पसंद मनीष तिवारी थे जबकि जाखड़ मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार कैप्टन संदीप संधू को टिकट दिलाना चाहते थे। गुरुवार को हुई बैठक में कैप्टन अमरिंदर सिंह के अलावा, प्रदेश प्रभारी आशा कुमारी और प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ भी मौजूद थे।