‘मैं कांग्रेस में हूं और जहां राहुल गांधी हैं, वहां मैं हूं। जहां राहुल गांधी नहीं, वहां मैं भी नहीं।’ पिछले कई दिनों की अटकलों के बाद यह जवाब प्रदेश कांग्रेस की चुनाव समन्वय कमेटी के सदस्य कुलदीप बिश्नोई ने दिया। पिछले तीन दिनों से जहां कांग्रेसी सड़क नाप रहे थे, वहीं बिश्नोई कुछ तस्वीरों के जरिए स्टेडियम में क्रिकेट मैच देखते नजर आए थे।
परिवर्तन यात्रा के दौरान स्टेडियम में खींची गई यह फोटो मीडिया व सोशल मीडिया में खूब चर्चा में थी। तो दूसरी चर्चा इस बात को लेकर रही कि वे भाजपा का रुख कर सकते हैं। लेकिन चौथे दिन परिवर्तन यात्रा में शामिल होने पहुंचे कुलदीप बिश्नोई ने इन सभी अटकलों पर विराम लगाया।
पिपली रेस्ट हाउस में इन चर्चाओं पर बिश्नोई मुखर दिखे। उन्होंने दो टूक कहा कि बार-बार पार्टी बदलना उनकी फितरत नहीं। हालांकि ‘मैं कांग्रेस में हूं और जहां राहुल गांधी हैं, वहां मैं हूं। जहां राहुल गांधी नहीं, वहां मैं भी नहीं।’ इस बयान के बाद कुलदीप बिश्नोई ने प्रदेश नेतृत्व को लेकर नई बहस को फिर जन्म दे दिया है।