प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने लोकसभा चुनाव के प्रचार का आगाज हरियाणा में बस यात्रा से किया था। इसमें उन्होंने सभी कांग्रेस दिग्गजों को एक बस में हरियाणा की यात्रा कराई। कुछ दिग्गज कांग्रेसी तो यात्रा से भी नदारद रहे थे। यात्रा के जरिये आजाद ने खेमों में बंटे कांग्रेसियों के हाथ तो मिला दिए, लेकिन दिलों का मेल नहीं करा पाए।
चुनाव बाद आरोप-प्रत्यारोप की झड़ी लगने के आसार
लोकसभा चुनाव के नतीजे हरियाणा में मनमाफिक न रहने पर कांग्रेसी आपस में भिड़ सकते हैं। यह माना जा रहा है कि चुनाव में भितरघात का शिकार होने वाले नेताओं की ओर से नतीजों के बाद एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू होना तय है। हर लोकसभा सीट पर प्रत्याशी और उनके खासमखास भीतरघात करने वाले नेताओं पर पैनी नजरें गड़ाए हुए हैं।