लोकसभा चुनाव से पहले होली पर इनेलो को एक और झटका लग गया है। पिछले दिनों इनेलो के दो पूर्व विधायक भाजपा में जाने के बाद अब एक मौजूदा विधायक रणबीर गंगवा भी भाजपा में चले गए हैं। भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश प्रभारी डा. अनिल जैन, लोकसभा सह प्रभारी विश्वास सारंग, भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला की मौजूदगी में गंगवा को भाजपा ज्वाइन करवाई गई।
रणबीर गंगवा नलवा हलके से विधायक हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उन्हें सदस्यता पर्ची देकर सदस्यता ग्रहण करवाई। वर्ष 2008 में परिसीमन उपरांत नलवा विधानसभा अस्तित्व में आई थी, जिसमें पश्चिमी हिसार, आदमपुर के कुछ गांव व हांसी हलके के कुछ गांवों को शामिल किया गया था। कांग्रेस के दिग्गज नेता चौधरी भजनलाल का घर भी इसी विधानसभा का हिस्सा है। वर्ष 2014 के चुनाव में गंगवा गांव निवासी रणबीर सिंह प्रजापत इनेलो की टिकट पर हजकां के चंद्रमोहन को हराकर विधायक बने थे।