गुरदासपुर-पठानकोट से सुनील जाखड़ लोकसभा उम्मीदवार होंगे। अगर किसी नेता या कार्यकर्ता ने जाखड़ का विरोध किया या बगावती सुर अपनाया तो उसे पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा। यह बात मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शाहपुरकंडी बैराज बांध के निर्माण कार्य का नींव पत्थर रखने के बाद कही।
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रेसवार्ता में सुनील जाखड़ के नाम की औपचारिक घोषणा के बाद कहा कि पंजाब की सभी सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा एक सप्ताह के भीतर कर दी जाएगी और आधिकारिक प्रत्याशियों के खिलाफ बगावत करने वालों को पार्टी से बाहर कर दिया जाएगा। उन्होंने शेर सिंह घुबाया के पार्टी में प्रवेश के बाद कांग्रेस के भीतर असंतोष की खबरों को खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा कि टिकट चाहने वाले की उम्मीदवारी पर फैसला आलाकमान लेगी। अगर कोई भी हाईकमान के फैसले के खिलाफ जाता है तो उन्हें तुरंत निष्कासित कर दिया जाएगा। बेअदबी और बहिबल कलां मामले पर बोलते हुए सीएम ने कहा कि धार्मिक भावनाओं से खेलने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। एसआईटी जांच में लगी है। रिपोर्ट पूरी आने पर सख्त कार्रवाई होगी। अमृतसर में ड्रग ओवरडोज से हुई मौतों को सीएम ने दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।