मोहाली में शुक्रवार को दो नए कोरोना पॉजिटिव आने से अब संख्या 98 हो गई है। डीसी मोहाली गिरीश दियालन ने बताया कि मोहाली की रहने वाली एक गर्भवती महिला जो कि चंडीगढ़ के जीएमएसएच सेक्टर-16 में दाखिल है, उसके सैंपल भेजे गए थे। उसने गुरुवार की रात एक बच्चे जो जन्म दिया है। शुक्रवार को उसकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
वहीं, दूसरा केस जीरकपुर के बलटाना में सैनी विहार फेज-3 का है। यहां एक 74 साल के बुजुर्ग की शुक्रवार को मौत के बाद कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, दूसरी ओर 80 साल की बुजुर्ग समेत तीन लोगों ने कोरोना को मात देकर जिदंगी की जंग जीती है। यह सभी गांव जवाहरपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह घरों से निकलने में परहेज करें।
सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि जिले में कोरोना महामारी को मात देने वाले लोगों की कुल संख्या 52 हो गई है। इनमें शुक्रवार को 80 साल की बुजुर्ग महिला तेज कौर, 32 साल की हरविंदर कौर और 67 साल के भाग सिंह स्वस्थ हुए हैं। यह तीनों गांव जवाहरपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि जिले में अब 98 कोरोना पीड़ित मरीज हो गए हैं।
वहीं जिले में एक्टिव मरीजों की गिनती 43 है। जबकि अकेले कोरोना हॉटस्पॉट गांव जवाहपुर के 34 मरीज ठीक हो हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि ठीक हुए तीनों लोगों को फिलहाल डेराबस्सी के निरंकारी भवन में क्वारंटीन होम में रखा गया है। 14 दिन की क्वारंटीन अवधि पूरी होने के बाद उन्हें घर भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि कोशिश यही है कि सभी लोग स्वस्थ रहें।
डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि जिले में बाकी ठीक हुए सभी मरीज पूरी तरह से स्वस्थ हैं। जिले मोहाली के सभी मरीजों का इलाज बनूड़ स्थित ज्ञान सागर अस्पताल के कोविड केयर सेंटर में चल रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह अपने घरों से बहुत जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलें।
छोटी-मोटी समस्या आने पर अस्पताल जाने के बजाय हेल्पलाइन नंबर-104 पर कॉल करें। उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग से ही इस बीमारी पर काबू पाया जा सकता है। इस मौके पर जिला एपीडीमोलोजिस्ट डॉ. रेनू सिंह और डॉ. हरमनदीप कौर भी मौजूद रहीं।