पंजाब में लोगों का कोरोना वायरस की चपेट में आने का सिलसिला थम नहीं रहा है। सोमवार को 54 नए मामलों के साथ राज्य में इस वायरस का शिकार हुए लोगों की संख्या बढ़कर 1877 हो गई। वहीं, जालंधर में छठवीं और प्रदेश में 32वीं मौत हुई है। जालंधर में लुधियाना के रहने वाले व्यक्ति की इस वायरस से जान गई।
सोमवार को जालंधर में 13, मानसा में 12 और फतेहगढ़ साहिब में 11 नए मामले सामने आए हैं जबकि गुरदासपुर में 6, मोगा व लुधियाना में 2-2, तरनतारन, फाजिल्का, पटियाला, फरीदकोट, रोपड़, होशियारपुर, अमृतसर व फिरोजपुर में 1-1 नए पाजिटिव केस दर्ज किए गए हैं। इस दौरान पटियाला में 2 कोरोना पीड़ितों के ठीक होने की भी खबर है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में सामने आए मामलों में 7 केस नांदेड़ से लौटे श्रद्धालुओं के हैं, जबकि मानसा में नोएडा से लौटे तीन छात्रों को भी पॉजिटिव पाया गया है। राज्य में अब तक 42306 संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 37993 लोगों के सैंपल नेगेटिव पाए गए हैं।
2436 लोगों के सैंपलों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। राज्य के विभिन्न अस्पतालों में 1678 लोगों का इलाज चल रहा है, जिनमें से एक मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर और 2 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। वहीं, इस महामारी से ठीक हुए लोगों की संख्या भी बढ़कर 168 हो गई है।
राज्य में कोरोना वायरस से पीड़ित लोगों के जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, अमृतसर 296 मामलों के साथ प्रमुख हॉटस्पॉट बना हुआ है, जबकि जालंधर 188, तरनतारन 158 और लुधियाना 127 मामलों के साथ क्रमश: दूसरे, तीसरे व चौथे स्थान पर हैं। गुरदासपुर जिले में कोरोना के पॉजिटिव मामलों की संख्या अब तक 122 हो चुकी है।
वहीं, नवांशहर 103, मोहाली में 102, पटियाला 98, होशियारपुर 91, संगरूर 88, मुक्तसर 65, मोगा 59, रोपड़ 56, फतेहगढ़ साहिब 47, फरीदकोट 46, फिरोजपुर 44, बठिंडा 40, फाजिल्का 40, मानसा 32, पठानकोट 29, कपूरथला 25 और बरनाला में 21 कोरोना मरीज मिल चुके हैं।